Allahabad HC Cow National Animal: गाय राष्ट्रीय पशु घोषित कर गौहत्या रोकने को प्रभावी फैसला करे केंद्र सरकार
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की जरूरत पर जोर दिया है। न्यायमूर्ति शमीम अहमद की एकल पीठ ने कहा, केंद्र सरकार को गौहत्या रोकने के लिए प्रभावी फैसला लेने की जरूरत है।

Allahabad HC Cow National Animal: इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बात कही है। न्यायमूर्ति शमीम अहमद की एकल पीठ ने उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत एक मामले में आरोपी की याचिका खारिज करते हुए ये टिप्पणी की। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने कहा कि हिंदुओं की गाय में आस्था और विश्वास है और वे इसे सबसे पवित्र जानवर और भगवान का प्रतिनिधि मानते हैं।

गाय राष्ट्रीय पशु: दो साल बाद दोहराई गई टिप्पणी
गौरतलब है कि 2021 में इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस शेखर कुमार यादव ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बात कहकर सुर्खियां बटोरी थीं। अब दो साल के बाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत एक आरोपी की याचिका खारिज कर गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की टिप्पणी दोहराई। यूपी पुलिस ने मोहम्मद अब्दुल खालिक को बीफ ले जाने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गौहत्या का कड़ा विरोध
अदालत ने गोकशी के आरोपी एक शख्स की जमानत याचिका खारिज करते हुए कहा, 'हिंदू धर्म के मुताबिक गाय में 33 तरह के देवी-देवताओं का वास होता है। भगवान कृष्ण को गाय के चरणों से ही सारा ज्ञान मिला।' अदालत ने यह भी कहा था कि हिंदू सदियों से गायों की पूजा करते आ रहे हैं और गैर-हिंदू नेताओं ने हिंदू भावनाओं का सम्मान करते हुए मुगल काल के दौरान गौहत्या का कड़ा विरोध किया था।

गोहत्या बंद तो धरती पर सभी समस्याएं खत्म
पिछले महीने गुजरात की एक अदालत ने भी गाय से जुड़ी टिप्पणी की थी। कोर्ट ने कहा था कि अगर गोहत्या बंद कर दी जाए तो धरती पर सभी समस्याएं हल हो जाएंगी। अदालत ने महाराष्ट्र से मवेशियों के अवैध परिवहन के एक मामले में एक व्यक्ति को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए यह टिप्पणी की थी।

गायों के विलुप्त होने पर ब्रह्मांड का अस्तित्व समाप्त
गुजरात में तापी जिले के प्रधान जिला न्यायाधीश समीर विनोदचंद्र व्यास ने कहा कि विज्ञान ने साबित कर दिया है कि गाय के गोबर से बने घर "परमाणु विकिरण" से प्रभावित नहीं होते हैं और गोमूत्र का उपयोग कई असाध्य रोगों के लिए "इलाज" है। गुजरात के न्यायाधीश ने यह भी कहा था कि गायों के विलुप्त होने पर ब्रह्मांड का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। न्यायाधीश ने दावा किया, गाय धर्म का प्रतीक है।












Click it and Unblock the Notifications