क्या है SSF, जो करेगी राममंदिर की सुरक्षा, 80 जवानों की पहली टीम पहुंची अयोध्या
Ayodhya Shri Ram Janmbhoomi Teerth Kshetra UPSSF: अयोध्या के राम जन्मभूमि मंदिर की सुरक्षा अब सीआईएसएफ के पैटर्न पर यूपीएसएसएफ यानी उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स करेगी। अगले साल राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है, ऐसे में उससे पहले योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है।
राम जन्मभूमि मंदिर के आंतरिक इलाके में जहां पीएसी तैनात है, वहीं अब सीआईएसएफ की तरह यूपी सरकार स्पेशल सिक्यॉरिटी फोर्स के सुरक्षा बलों को तैनात करेगी। SSF की दो बटालियन में 280 जवान शामिल हैं। इसमें से 80 जवानों की पहली टीम अयोध्या पहुंच गई है।

अयोध्या पुलिस ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। अयोध्या पुलिस ने एक्स (पहले ट्विटर) पोस्ट में लिखा है, ''राज्य सरकार द्वारा गठित श्रीराम जन्म भूमि परिसर की सुरक्षा हेतु SSF की दो कंपनियों का आज 11 सितंबर को जनपद अयोध्या में क्षेत्राधिकारी अयोध्या एवं क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर/लाइन द्वारा स्वागत किया गया है।''
इन जवानों को हफ्ते भर स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी। इन जवानों को राम जन्मभूमि और आसपास की संवेदनशील जगहों, रूट मैप के बारे में हर डिटेल जानकारी देकर ट्रेंड किया जाएगा। इसके बाद ये SSF के जवान राम जन्मभूमि मंदिर के 'रेड जोन' की सुरक्षा संभाल लेंगे।
क्या है UPSSF?
UPSSF का फुलफॉर्म है, उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जून 2020 में इस स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स के गठन को मंजूरी दी थी। जिसके एक साल बाद जून 2021 तक यूपीएसएसएफ की 5 बटालियन तैयार कर ली गई थी।
इस पहले पांच बटालियन में लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर, मथुरा और सहारनपुर शामिल है। अब तक सभी बटालियन में कुल मिलाकर अभी 9919 जवान हैं।
आईजी प्रवीण कुमार ने कहा था कि राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर अयोध्या की सुरक्षा को लेकर हाईटेक प्लान तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसें हम फाइनल कर लेंगे। बता दें कि राम मंदिर के रेड जोन की सुरक्षा में सीआरपीएफ के सुरक्षा बल पहले से ही तैनात हैं।












Click it and Unblock the Notifications