UP News: यूपी में बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए योगी सरकार की तैयारियां पूरी, 612 चौकियों पर तैनात किए बचाव दल
UP News: उत्तर प्रदेश में बाढ़ के हालातों से निपटने के लिए योगी सरकार ने प्रभावित जिलों के लिए 10 करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। इस फंड से इन इलाकों में जरूरी सामग्री खरीदी की जा सकेगी। योगी सरकार ने बरसात के मौसम में संभावित बाढ़ से निपटने के लिए व्यापक तैयारियां की है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 अति संवेदनशील और 16 संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के जवान तैनात है। इसके अलावा सभी बाढ़ प्रभावित जिलों में आपदा मित्र और नाविकों को नावों के साथ तैनात किया गया है।

बाढ़ प्रभावितों की सहायता के लिए यूपी सरकार ने 40 में से 39 जिलों में खाद्यान्न की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली है। अति संवेदनशील और संवेदनशील दोनों क्षेत्रों में कुल 612 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों पर एनडीआरएफ की सात टीमें, एसडीआरएफ की 18 टीमें और पीएसी की 17 टीमें तैनात हैं।
खाद्य पैकेटों के लिए निविदा प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। केवल गाजीपुर के लिए निविदा प्रक्रिया बाकी है। जल्द ही इसे अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के लिए ये पैकेट वितरित किए जाएंगे।
पहले प्रकार के खाद्य पैकेट में दो पैकेट लाई, 2 किलोग्राम भुने चने, प्लास्टिक के पैकेट में 1 किलोग्राम गुड़, 10 पैकेट बिस्कुट, एक पैकेट माचिस और मोमबत्ती, दो नहाने का साबुन, एक 20 लीटर का जरीकेन और 12x10 वर्ग फीट का एक तिरपाल शामिल है।
दूसरे प्रकार में प्रति व्यक्ति 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर दाल, 10 किलो आलू, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम मिर्च पाउडर, 200 ग्राम सब्जी मसाला, एक लीटर सरसों का तेल और एक किलो नमक का पैकेट शामिल है।
उत्तर प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए विशेष रूप से 10 करोड़ रुपए की राशि जारी की गई है। इस राशि का उपयोग बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए आवश्यक खरीदारी करने में किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications