अलीगढ़: शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेता के घर लिखी जा रही थी बोर्ड की कॉपी, 62 धराए
एक ओर उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार यह दावा कर रही है कि इस बार बोर्ड की परीक्षा में काफी कड़ाई बरती जा रही है वहीं पार्टी के ही कुछ नेता सरकार के दावों पर सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं।

अलीगढ़। एक ओर उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार यह दावा कर रही है कि इस बार बोर्ड की परीक्षा में काफी कड़ाई बरती जा रही है वहीं पार्टी के ही कुछ नेता सरकार के दावों पर सवालिया निशान खड़ा कर रहे हैं। ताजा मामला राज्य के अलीगढ़ के अतरौली का है। यहां भाजपा के ही नेता के घर बैठ कर 62 लोग बोर्ड की कॉपी लिखते धराए गए हैं। मामला गुरूवार (22 फरवरी) का है। जिले के अतरौली स्थित तेवथू में भाजपा नेता और स्कूल प्रबंधक के घऱ में प्रशासन ने एसडीएम और सीओ की अगुवाई में छापेमारी की। इस दौरान 62 लोगों को 12वीं बोर्ड की कॉपी लिखते रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने केंद्र व्यवस्थापक और प्रधानाचार्य को हिरासत में ले लिया। इतना ही नहीं पुलिस को भाजपा नेता के घर से 100 अन्य बोर्ड की मुहर लगी कॉपियां बरामद हुईं।

भतीजे के घर में बोर्ड की कॉपियां लिखी जा रही थी
बताया गया कि तेवथू के बौहरे किशनलाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक राजकुमार शर्मा का घर स्कूल के ठीक सामने है। प्रशासन को इस आशय की सूचना कई दिनों से मिल रही थी कि शर्मा के साथ रहने वाले उनके भतीजे के घर में बोर्ड की कॉपियां लिखी जा रही थी। गुरुवार को 12वीं की केमिस्ट्री की परीक्षा थी। प्रशासन ने एसडीएम शिवकुमार और सीओ सुरेश कुमार मलिक की अगुवाई में छापेमारी की। जैसे ही पुलिस को देखा गया तुंरत वहां भगदड़ मच गई और सब कॉपी छोड़कर भागने लगे।

3 छात्रों ने दर्ज कराई रिपोर्ट
इस पूरे घटनाक्रम के बाद परीक्षार्थी गोपाल, विशाल और प्रदीप ने एक रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने कहा कि शर्मा, उनके भाई राजकुमार और बेटे कॉपी बदलवाने के लिए 3-3 हजार रुपए लेते थे। रुपए ना देने पर फेल कराने की धमकी भी देते थे। आरोपियों के खिलाफ धारा 384 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए लोगों में 53 लड़के और 3 लड़कियां शामिल हैं। इसके साथ 6 अन्य पेपर सॉल्वर पकड़े गए जिसमें 3 युवतियां शामिल हैं। भाजपा की अलीगढ़ इकाई के जिलाध्यक्ष देवराज सिंह ने जानकारी दी कि राजकुमार शर्मा का भतीजा भूवेंद्र शर्मा उर्फ चुनमुन भाजपा का सदस्य है।

राज्य के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का इलाका
इन सब में चौंकाने वाली बात यह है कि यह विधानसभा क्षेत्र राज्य के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह का इलाका है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस पूरे घटनाक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। दावा किया गया है कि DIOS के दफ्तर की मिलीभगत से ही कॉपियां भाजपा नेता के घर पहुंचती थी।












Click it and Unblock the Notifications