'महिलाओं को हर महीने ₹40 हजार, फ्री मेट्रो सफर', Akhilesh Yadav के वादे, बोले 'BJP के लिए नारी सिर्फ नारा'
Akhilesh Yadav SP Manifesto 2027 Chunav : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपनी बिसात बिछाना शुरू कर दी है। रक्षा बंधन से दो दिन पहले यानी 26 अगस्त को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने घोषाणपत्र में महिलाओं को लेकर कई बड़े वादों और योजनाओं का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के लिए नई योजना लाई जाएगी।
इसके तहत महिलाओं को स्त्री सम्मान समृद्धि योजना के तहत, हर महीने 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है। अखिलेश ने यह भी कहा कि भविष्य में महिलाओं के लिए सार्वजनिक परिवहन को और सुविधाजनक बनाया जाएगा। अपने संबोधन में अखिलेश ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि बीजेपी के लिए 'नारी' सिर्फ नारा बनकर रह गई है। उन्होंने महिला सुरक्षा, महिला आरक्षण, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को 2027 के चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाने के संकेत दिए।

महिलाओं को हर महीने 40 हजार रुपये देने का दावा क्या है?
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए 'स्त्री सम्मान समृद्धि योजना' लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हर महीने 40 हजार रुपये दिए जाएंगे और आगे इस राशि को बढ़ाया भी जाएगा। यह वादा सपा की महिला-केंद्रित राजनीति का बड़ा हिस्सा बन सकता है। हालांकि, अखिलेश ने अपने बयान में इस योजना की पात्रता, भुगतान की अवधि, लाभार्थियों की संख्या और योजना पर आने वाले खर्च का विस्तृत खाका सामने नहीं रखा है।
फ्री मेट्रो सफर का क्या मतलब है?
अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिए मुफ्त मेट्रो यात्रा की बात भी कही। उनका जोर महिलाओं के लिए सुरक्षित और सस्ता सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने पर रहा। अखिलेश ने कहा कि सत्ता में आते ही, लखनऊ मेट्रो से बेटियों को कॉलेज-स्कूल जाने के लिए कार्ड फ्री सुविधा दी जाएगी।
योगी सरकार की फ्री बस सर्विस पर साधा निशाना
अखिलेश ने रक्षाबंधन के दौरान योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना पर भी सवाल उठाया और कहा कि अगर सरकार महिलाओं के लिए मुफ्त परिवहन की सुविधा दे रही है तो महिला आरक्षण को लागू करने की दिशा में भी कदम उठाना चाहिए।
बंद किए गए 26 हजार प्राइमरी स्कूल फिर खोलने का दावा
अखिलेश यादव ने शिक्षा के मुद्दे पर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बंद किए गए करीब 26 हजार प्राइमरी स्कूलों को दोबारा शुरू किया जाएगा। उनका कहना था कि बच्चों की शिक्षा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूलों की उपलब्धता पर सपा सरकार का विशेष जोर रहेगा।
छात्राओं को फिर फ्री लैपटॉप, टैबलेट पर कसा तंज
अखिलेश ने अपने पुराने लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि भविष्य में इंटरमीडिएट पास करने वाली बेटियों को भी लैपटॉप दिए जाएंगे। उन्होंने योगी सरकार की टैबलेट योजना पर तंज कसते हुए कहा कि सपा ने पहले लैपटॉप बांटे थे और अब दूसरी सरकारें उसी तरह की योजनाएं चला रही हैं। टैबलेट बांटने गए। उंगली घिस दीजिए, तब भी स्क्रीन पर कुछ नहीं चल रहा है।
महिला सुरक्षा के लिए 1090 और डायल 100 का जिक्र
अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी पिछली सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 1090 महिला हेल्पलाइन और डायल 100 की शुरुआत सपा सरकार के दौरान हुई थी। उन्होंने दावा किया कि आने वाली सपा सरकार में महिलाओं की सुरक्षा के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अखिलेश ने योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं को लेकर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए।
'बीजेपी के लिए नारी सिर्फ नारा' क्यों कहा?
अखिलेश यादव ने बीजेपी के 'नारी शक्ति' और 'नारी वंदन' जैसे अभियानों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी महिलाओं के सम्मान की बात तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं को न्याय और सुरक्षा नहीं मिल रही। उन्होंने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला और कहा कि जब बीजेपी 'नारी वंदन' की बात करे तो लोगों को महिलाओं के खिलाफ हुई घटनाओं की याद भी दिलानी चाहिए। अखिलेश ने महिला अपराध के मुद्दे को 2027 के चुनाव में बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनाने के संकेत दिए।
महिला आरक्षण पर अखिलेश का बड़ा सवाल
महिला आरक्षण कानून को लेकर भी अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण विधेयक संसद से पारित हो चुका है तो इसे लागू करने में देरी क्यों हो रही है? उनका कहना था कि महिला आरक्षण को अगले चुनाव में ही लागू किया जाना चाहिए। यह मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि महिला आरक्षण कानून के लागू होने की प्रक्रिया परिसीमन और जनगणना से जुड़ी हुई है।
डिंपल यादव ने बेटियों से क्या कहा?
कार्यक्रम में डिंपल यादव ने भी महिलाओं और बेटियों को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बेटियों को समाज की बंदिशों में बंधकर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बेटियों से अपनी पसंद का करियर चुनने और जिस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं, वहां कदम बढ़ाने की अपील की।
2027 के चुनाव में महिला वोट क्यों अहम?
उत्तर प्रदेश में महिला मतदाता किसी भी चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में सपा की ओर से महिलाओं को केंद्र में रखकर किए जा रहे वादे सीधे तौर पर महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं। बीजेपी पहले से ही महिलाओं के लिए मुफ्त राशन, उज्ज्वला, आवास और अन्य कल्याणकारी योजनाओं को अपने राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बनाती रही है। ऐसे में सपा की ओर से 40 हजार रुपये की मासिक सहायता, मुफ्त परिवहन, लैपटॉप और महिला सुरक्षा जैसे मुद्दे सामने रखना 2027 के चुनाव में कल्याणकारी राजनीति की प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
