गौशाला पर Akhilesh Yadav के बयान से मचा सियासी भूचाल, मंत्री नंदी बोले- जो गोबर से घबराए, वह यदुवंशी नहीं!
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के गौशाला और गोबर को लेकर दिए गए बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। भाजपा ने उनके बयान को हिंदू परंपराओं और यादव समुदाय का अपमान करार दिया है। लखनऊ की सड़कों पर पोस्टर लगाए गए हैं, जिनमें अखिलेश से माफी की मांग की गई है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री और एमएलसी सुभाष यदुवंश ने अखिलेश पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं से बदबू और इत्र की खुशबू की तुलना करके अखिलेश ने हिंदू मान्यताओं का अपमान किया है। सुभाष ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को अपना सरनेम 'यादव' हटाकर इत्र की ताबीज पहन लेनी चाहिए।

अखिलेश यादव के इस बयान को लेकर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सुभाष यदुवंश का कहना है कि यादव समाज सदियों से गौपालन करता आया है और गोवंश को परिवार का सदस्य मानता है। ऐसे में गौशाला को लेकर दिया गया बयान न केवल हिंदू मान्यताओं बल्कि यादव समुदाय की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाने वाला है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि अखिलेश हिंदू पर्वों से दूरी बनाकर इफ्तार पार्टियों में ज्यादा व्यस्त रहते हैं। उनका आरोप है कि अखिलेश का बयान उनकी हिंदू विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
मंत्री नंद गोपाल नंदी ने अखिलेश को घेरा
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने भी अखिलेश के बयान की कड़ी आलोचना की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जो लोग गौशाला से बदबू की बात करते हैं, वे सनातन धर्म की महान परंपराओं को नहीं समझते। उन्होंने कहा कि गाय के गोबर का इस्तेमाल पूजा-पाठ से लेकर पर्यावरण संरक्षण तक कई सकारात्मक कार्यों में होता है।
नंदी ने सवाल उठाया कि जब यादव समुदाय गौसेवा के लिए जाना जाता है, तो अखिलेश को इसमें बदबू क्यों आती है? उन्होंने इसे यादव परंपरा और सनातन धर्म का अपमान बताया।
क्या कहा था अखिलेश यादव ने?
कन्नौज में 28 मार्च को अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा था कि भाजपा को गौशालाओं की दुर्गंध पसंद है, लेकिन समाजवादी पार्टी खुशबू फैलाने के लिए परफ्यूम पार्क बना रही है। इसी बयान को लेकर भाजपा ने विरोध शुरू कर दिया है और इसे सनातन धर्म का अपमान बताया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर किया पलटवार
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अब्बास हैदर ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा नेता सिर्फ राजनीतिक लाभ उठाने के लिए विवाद खड़ा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा खुद गायों की दुर्दशा को लेकर कुछ नहीं कर रही और अब अखिलेश के बयान को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
हैदर ने आरोप लगाया कि भाजपा पिछड़े वर्गों को हमेशा नीचा दिखाने की कोशिश करती है। उन्होंने भाजपा नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें इस तरह के निराधार विवादों के बजाय असली मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications