'100 विधायक लाओ,मुख्यमंत्री बन जाओ', UP के दोनों डिप्टी CM को अखिलेश यादव का खुला ऑफर, चुनाव से पहले सियासी बम
Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में उस वक्त अचानक हलचल तेज हो गई जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी के दोनों डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को खुला ऑफर दे डाला। अखिलेश यादव ने UP के दोनों डिप्टी CM को खुला ऑफर देते हुए कहा कि, '100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ।'
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी की रात विदेश दौरे पर रवाना होने वाले हैं, लेकिन उससे पहले सियासी पारा चढ़ गया है। सवाल उठ रहा है कि क्या चुनाव से पहले कोई बड़ा उलटफेर संभव है।

'100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ' का दांव
एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि वह फिर से ऑफर दोहरा रहे हैं। 100 विधायक लेकर आइए और मुख्यमंत्री बन जाइए। उन्होंने साफ कहा कि जो 100 विधायक जुटा लेगा, वही तो मुख्यमंत्री बनेगा। यह बयान सीधे तौर पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) और ब्रजेश पाठक(Brajesh Pathak) को संबोधित माना गया।
अखिलेश यादव ने कहा, ''मैं फिर से दोनों डिप्टी सीएम को ऑफर दे रहा हूं, 100 विधायक लाओ और मुख्यमंत्री बन जाओ। भाई जो 100 विधायक लाएगा वही तो मुख्यमंत्री होगा।'' इससे पहले अखिलेश कई बार केशव प्रसाद मौर्य को ऐसा ऑफर दे चुके हैं, लेकिन इस बार ब्रजेश पाठक का नाम भी खुलकर जोड़ा गया।
विकास बनाम व्यंग्य की राजनीति
अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वे विकास के नाम पर वोट नहीं मांगते। गोमती नदी के दूषित पानी से लोगों के बीमार होने की चर्चा अखबारों में है। हिंडन नदी की सफाई की शुरुआत उनकी सरकार में हुई थी। उन्होंने अंडरग्राउंड पाइपलाइन परियोजना को भ्रष्टाचार की पाइपलाइन करार दिया और कहा कि बुंदेलखंड से लखनऊ तक सीधी लाइन बिछाई जा रही है। बुलेट ट्रेन की लागत पर भी सवाल उठाए और कहा कि पहले जो एक करोड़ की थी अब दो करोड़ की हो गई।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जापान जा रहे हैं, मगर क्योटो नहीं जा रहे। टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप की बात करते हुए उन्होंने रोबोट और जापान के चर्चित डॉग का जिक्र किया और कहा कि टेक्नोलॉजी समस्याओं के समाधान के लिए है।
बीजेपी का पलटवार
बीजेपी की ओर से भी जवाब आया। प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि अखिलेश यादव का बयान उनकी राजनीतिक हताशा दिखाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा अध्यक्ष अब गंभीर नेता कम और पोगो चैनल के किरदार ज्यादा लगते हैं। जनता विकास और स्थिरता चाहती है, बयानबाजी नहीं।
विदेश दौरे पर योगी
इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिंगापुर और जापान की आधिकारिक यात्रा पर जा रहे हैं। जापान में वह 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली मैग्लेव ट्रेन में 100 किलोमीटर का ट्रायल सफर करेंगे और टोक्यो नागोया कॉरिडोर का जायजा लेंगे।
निवेशकों से मुलाकात, मंदिर दर्शन और प्रदेश में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देना उनके दौरे का मुख्य एजेंडा बताया जा रहा है। चुनाव से पहले इस तरह का खुला ऑफर महज सियासी बयान है या किसी बड़ी रणनीति का संकेत, यह आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल यूपी की राजनीति में बयानबाजी ने नई बहस छेड़ दी है।












Click it and Unblock the Notifications