UP: SP चीफ अखिलेश यादव ने खुलेआम स्वीकार कीं अपनी 2 बड़ी गलतियां! बताया क्यों BJP बना रही टारगेट
कोलकाता में ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। बंगाल चुनाव परिणामों के बाद हुई इस पहली मुलाकात ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। मीडिया से बातचीत के दौरान जब अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या ममता बनर्जी के बाद अब वह भाजपा के अगले निशाने पर हैं, तो उन्होंने चुटकी लेते हुए अपनी 'दो गलतियों' का जिक्र किया।
सपा चीफ ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, 'हमसे दो गलतियां हुईं, एक तो बीजेपी को हरा दिया, दूसरा अयोध्या में हरा दिया। हम तो टारगेट पर होंगे, ये कोई नई बात नहीं है। हम तो बहुतों के टारगेट पर हैं, किसी एक के नहीं।'

कोलकाता में विपक्षी एकजुटता का प्रदर्शन
बंगाल चुनाव में सत्ता परिवर्तन के बाद अखिलेश यादव 'इंडिया गठबंधन' के पहले नेता हैं जिन्होंने ममता बनर्जी से मुलाकात की। अखिलेश ने ममता बनर्जी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा, 'दीदी, आप लड़ी हैं, आप हारी नहीं हैं।'
चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल
उन्होंने टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की भी प्रशंसा की और उनके संघर्ष को सराहनीय बताया। अखिलेश यादव ने बंगाल और उत्तर प्रदेश के चुनावों की तुलना करते हुए चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए।
सुरक्षा बलों की लंबी छुट्टी पर सवाल
अखिलेश ने कहा कि बंगाल चुनाव के दौरान पूरा स्ट्रक्चर भाजपा ने अपने हिसाब से बनाया था, जबकि यूपी चुनाव में बड़े अधिकारियों (DGP या मुख्य सचिव) का तबादला तक नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद सुरक्षा बलों को असामान्य रूप से 15 दिन की लंबी छुट्टी दी गई है, जो पहले कभी नहीं देखी गई।
ममता और अभिषेक बनर्जी को 'सिक्योरिटी थ्रेट'
सपा प्रमुख ने सीधा आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र का इस्तेमाल कर चुनाव "लूटा" गया है। बंगाल में चुनाव बाद की स्थिति पर बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि राजनीतिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों के साथ जैसा व्यवहार हो रहा है, वह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को 'सिक्योरिटी थ्रेट' (सुरक्षा का खतरा) होने की बात भी कही।
अमित शाह पहुंचे कोलकाता, नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया शुरू
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को कोलकाता पहुंच गए हैं। भाजपा नेतृत्व ने उन्हें पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए 'केंद्रीय पर्यवेक्षक' नियुक्त किया है। शाह आज होने वाली भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें न केवल नेता का चयन किया जाएगा, बल्कि राज्य में पार्टी की नई संगठनात्मक रणनीति और कैबिनेट गठन को लेकर भी बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है।
कौन बनेगा बंगाल का मुख्यमंत्री?
बंगाल में मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच भाजपा सांसद सौमित्र खान ने बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक ऐसा जननेता मुख्यमंत्री बनेगा जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार करेगा। खान ने बताया कि संवैधानिक नियमों के तहत वर्तमान कैबिनेट भंग हो चुकी है और एक लंबे संघर्ष के बाद भाजपा ने यह मुकाम हासिल किया है। इस बयान के बाद राज्य में यह चर्चा तेज हो गई है कि भाजपा किसी जमीनी नेता को ही बंगाल की कमान सौंपने की तैयारी में है।












Click it and Unblock the Notifications