वाराणसी से मुंबई जा रही Akasa Air की फ्लाइट में यात्री अचानक खोलने लगा इमरजेंसी गेट, फिर क्या हुआ?
Akasa Air Flight: वाराणसी से मुंबई जा रही अकासा एयरलाइंस की फ्लाइट में सवार एक यात्री ने ऐसी हरकत की कि सभी यात्री दहशत में आ गए और अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों से भरी फ्लाइट में सवार एक यात्री अचानक इमरजेंसी गेट खोलने लगा। यात्री की इस हरकत पर तत्काल सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया।
पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सूचित करते हुए विमान को रनवे से वापस एप्रन क्षेत्र में मोड़ा, जहाँ सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया।ये घटना सोमवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे पर विमान के उड़ान भरने से चंद सेकेंड पहले हुई।

यह अकासा एयर की उड़ान QP 1497 थी, जिसका निर्धारित प्रस्थान समय शाम 6:45 बजे था। अकासा एयर के प्रवक्ता ने एएनआई को बताया, "3 नवंबर, 2025 को वाराणसी से मुंबई जाने वाली उड़ान QP 1497 में एक यात्री ने विमान के पार्किंग बे में खड़े होने के दौरान आपातकालीन निकास द्वार का कवर खोलने का अनाधिकृत प्रयास किया।"
प्रवक्ता ने आगे कहा कि यात्री की पहचान कर ली गई और मानक संचालन प्रोटोकॉल के अनुसार, उसे विमान से उतारकर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। उड़ान के रात 9:00 बजे रवाना होने से पहले विमान का पूरी तरह से निरीक्षण किया गया और हमारी इंजीनियरिंग टीम द्वारा मंजूरी दी गई।
कौन हैं ये यात्री?
पुलिस के अनुसार, यह घटना तब हुई जब विमान रनवे की ओर बढ़ रहा था। जौनपुर जिले के गौरा बादशाहपुर निवासी यात्री सुजीत सिंह ने आपातकालीन निकास द्वार खोलने का प्रयास किया था। केबिन क्रू द्वारा पायलट को सूचना दिए जाने के बाद, उन्होंने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया और विमान को एप्रन पर वापस ले आए। सभी यात्रियों को विमान से उतारा गया और सुरक्षा कर्मियों ने सुजीत सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
यात्री ने क्यों की ये हरकत
फूलपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि यात्री ने दावा किया कि उसने "उत्सुकतावश" निकास द्वार खोलने की कोशिश की थी। उसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद, यह उड़ान बाद में शाम 7:45 बजे के आसपास मुंबई के लिए रवाना हुई।












Click it and Unblock the Notifications