Agra Accident: 50 मीटर तक रौंदती ले गई बेकाबू कार, आगरा में घर के बाहर बैठे परिवार की बिछ गई लाशें!
Agra Road Accident: आगरा के थाना न्यू आगरा क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। एक अनियंत्रित तेज रफ्तार टाटा नेक्सन कार ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार और घर के बाहर बैठे लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 3 लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
हादसा नगला बूढ़ी इलाके में केंद्रीय हिंदी संस्थान के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक ने कंट्रोल खो दिया। कार पहले डिवाइडर से टकराई, फिर एक बाइक सवार को चपेट में लिया और सड़क किनारे बैठे परिवार के सदस्यों को करीब 50 मीटर तक रौंदते हुए दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

इन लोगों ने गंवाई अपनी जान
हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। घायलों को तुरंत सरोजनी नायडू (SN) मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
- बबली (33 वर्ष)
- भानु प्रताप (25 वर्ष)
- कमल (23 वर्ष)
- कृष्णा (20 वर्ष)
- बंटेश (21 वर्ष)
गुस्साए लोगों ने ड्राइवर को पीटा, पुलिस ने लिया हिरासत में
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में जमा हुए ग्रामीणों ने भागने की कोशिश कर रहे कार चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित कर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में लिया।
सीएम योगी ने जताया दुख, दिए उचित इलाज के निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं और जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों को तत्काल और बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।












Click it and Unblock the Notifications