पिटबुल को लेकर कानपुर नगर निगम ने क्यों लिया ये बड़ा फैसला, ये बताईं वजहें
कानपुर, 27 सितंबर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में पिटबुल से जुड़ी घटनाओं के बाद अब कानपुर नगर निगम (KMC)ने कड़ा फैसला लिया है। अधिकारियों की माने तो नगर निगम में एक प्रस्ताव पारित किया गया है जिसमें कुत्तों की पिटबुल और रॉटवीलर नस्ल के पालने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि प्रतिबंध के बाद इस नस्ल के कुत्ते पाले जाने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा और उनके 'पालतू' को जब्त कर लिया जाएगा।

नगर आयुक्त को भेजा गया प्रस्ताव
इसे अब नगर आयुक्त को भेजा गया है, जो इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी करेंगे। कुत्तों के हमलों की लगातार घटनाओं के बाद, केएमसी ने खतरनाक मानी जाने वाली दो नस्लों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया। केएमसी सूत्रों के मुताबिक, अगर कोई इन दोनों नस्लों के कुत्तों को पालता या बेचता हुआ पाया जाता है, तो उस पर जुर्माना लगाया जाएगा और कुत्ते को जब्त कर लिया जाएगा।
घरों में पिटबुल पालना काफी खतरनांक
सदन में पेश प्रस्ताव में कहा गया है कि लोगों के पास इतना बड़ा घर या फार्म हाउस नहीं है कि वे विदेशी खतरनाक प्रजातियों के कुत्तों को रख सकें, जिससे वे तनाव में आ जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। जनता को हमले से बचाने के लिए, खूंखार पिटबुल और रॉटवीलर नस्लों को शहर की सीमा से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
पिटबुल पालने पर लगेगा 5000 रुपये जुर्माना
अपर नगर आयुक्त, सूर्यकांत त्रिपाठी ने कहा कि, "शहरी क्षेत्रों में पालतू बनाने और व्यापार के उद्देश्य से इन दोनों प्रजातियों के कुत्तों का प्रजनन प्रतिबंधित है। यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से ऐसे कुत्तों को नगरपालिका सीमा में रखता है, तो 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। उन पर और कुत्ते को भी जब्त कर लिया जाएगा। इस आशय का एक प्रस्ताव शनिवार को सदन में रखा गया था और सर्वसम्मति से पारित किया गया था। प्रस्ताव अब केएमसी परिसर में इसे लागू करने के लिए औपचारिक आदेश जारी करने के लिए नगर निगम आयुक्त को भेजा गया है। "
कई घटनाओं के बाद केएमसी ने लिया फैसला
लखनऊ, गाजियाबाद और मेरठ की घटनाओं के बाद हाल ही में कानपुर के सरसैया घाट पर एक पिटबुल ने एक गाय पर हमला कर दिया था। कानपुर की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और इस पर भारी प्रतिक्रिया हुई थी। अधिकारी ने आगे कहा कि, "इसलिए पिटबुल हमलों की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखते हुए कानपुर नगर निगम भवन में शहर के अंदर पिटबुल और रॉटवीलर के प्रजनन पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।"












Click it and Unblock the Notifications