बरेली के युवक ने फेसबुक पर सजाई अवैध हथियारों की मंडी
315 बोर का तमंचा हो या 32 बोर का इंग्लिश पिस्टल, रिवॉल्वर हो या डबल बैरल बंदूक। अगर गैरकानूनी तरीके से किसी भी असलहे को खरीदना हो तो ये अब बहुत आसान हो चला है।
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में एक नौजवान युवक ने अवैध हथियारों को बेचने के लिए फेसबुक पर ही असलहों की मंडी खोल ली है। 315 बोर का तमंचा हो या 32 बोर का इंग्लिश पिस्टल, रिवॉल्वर हो या डबल बैरल बंदूक, वह इन हथियारों को बेचने का दावा कर रहा है।

फेसबुक के जरिए बेच रहा है हथियार
यूपी के जिले बरेली में एक युवक ने ऐसे अवैध असलहों की फेसबुक पर मंडी सजाई है। शैंकी गुप्ता के नाम से बने फेसबुक प्रोफाइल पर इन हथियारों को बेचने के लिए फेसबुक वाल पर प्रदर्शनी लगाई गई है। इतना ही नही शैंकी नाम के इस युवक ने किसी की डिमांड पर बाकायदा खरीद के लिए अपना नंबर तक सार्वजनिक किया है।

बहन के ससुर ने दर्ज कराई शिकायत
बताया जा रहा है शैंकी गुप्ता नाम का ये युवक बरेली के बहेड़ी तहसील का रहने वाला है। फेसबुक पर इस अनोखी मंडी को देखकर शैंकी गुप्ता की बहन के ससुर पीलीभीत जिले के बीसलपुर निवासी महेंद्र गुप्ता ने विरोध किया तो इसने उन्हें भी धमकी दी। धमकी से घबराए महेंद्र गुप्ता ने इसकी शिकायत एसएसपी बरेली से की है।

पुलिस ने जांच साइबर सेल को सौंपी
फेसबुक पर असलहों की इस अनोखी मंडी की हकीकत जानने के लिए इस शैंकी गुप्ता नाम के शख्स से खरीददार बनकर बात की तो उसने पहले तो ठीक से बात की लेकिन अचानक ही उसके तेवर बदल गए और वो गाली-गलौज पर उतर आया। बहरहाल मामले की शिकायत पर एसएसपी ने कहा है कि मामले की जांच को साइबर सेल को सौंपी गई है।

शिकायतकर्ता रिश्तेदार से आरोपी युवक का विवाद
घटना में बरेली के एसपी क्राइम ने बताया की शिकायतकर्ता महेंद्र और आरोपी शैंकी के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है जिस कारण रिश्तेदार होने के बावजूद महेन्द्र की ओर से अपने ही बेटे के साले के खिलाफ ये शिकायत की गई है।












Click it and Unblock the Notifications