देवर ने किया प्यार का इजहार तो भाभी ने प्रेमी से मिलकर किया मर्डर!
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक बहू पर प्रेमी के साथ मिलकर देवर की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि देवर ने भी भाभी से प्यार का इजहार किया था जिसके बाद उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। महिला का पति ट्रक पर हेल्पर का काम करता था और वह अक्सर घर से बाहर रहता था।

तीन माह पुराना मामला
मामला तीन माह पुराना है, लेकिन अब साक्ष्य हाथ लगने पर मृतक युवक के पिता ने कोर्ट के माध्यम से अपनी पुत्रवधू और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना जनकपुरी में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार गांव माहीपुरा निवासी तहसीन खान का कहना है कि उसके दो बेटों में बड़े पुत्र जावेद खान की शादी उत्तराखंड के जनपद हरिद्वार के मंगलौर अंतर्गत गांव मलानपुरा टांडा निवासी शबाना उर्फ शब्बो से 9 वर्ष पूर्व हुई थी।

पुलिस कार्रवाई के बिना शव को दफनाया था
आरोप है कि शबाना ने मकान पर कब्जे की नीयत से परेशान कर उसे घर से निकाल दिया था। उसका बड़ा पुत्र जावेद भी ट्रक पर हैल्पर था और कई कई दिन बाद घर लौटता था, जबकि उसका छोटा पुत्र शाहवेज खां रिक्शा चलाता था। आरोप है कि शबाना के गांव के ही शाहनवाज पुत्र इस्लाम से अवैध संबंध हो गए थे जिनका पता चलने पर 7 सितंबर 2017 को शाहवेज खान ने बड़े भाई के सामने ही भाभी को काफी समझाया-बुझाया था, जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी भी हो गई थी। इसके बाद जावेद तो ट्रक पर चला गया था। 8 सितंबर को पड़ोसियों ने उसे उसके छोटे पुत्र शाहवेज की मौत हो जाने की सूचना दी। जब वह घर पहुंचा तो शबाना ने बताया कि रात में छत पर सोते समय हार्ट अटैक से शाहवेज खान की मौत हुई। उस समय बिना पुलिस कार्रवाई के शव को दफना दिया गया था। अब पता चला है कि मृतक भी अपनी भाभी से प्यार करने लगा था और उसने इसका इजहार भी अपनी भाभी के सामने किया था।

ससुर ने लगाए मर्डर के आरोप
मृतक के पिता तहसीन खान का कहना है कि जिस समय शव दफनाया गया था, उस समय उसके बेटे के शरीर पर जख्मों के भी निशान थे, जिसकी कुछ लोगों ने मोबाइल से फोटो भी खींची थी। आरोप है कि इसके बाद भी शबाना के उसके प्रेमी से संबंध बने रहे और विरोध करने पर दोनों ने उसके बड़े बेटे जावेद खान को भी रास्ते से हटा देने की धमकी दी थी। तहसीन खान का यह भी आरोप है कि छोटे बेटे की मौत के बाद पड़ोसियों ने बताया था कि घटना की रात शबाना के साथ उसके प्रेमी को भी छत पर देखा गया था।

पुलिस ने कहा, जांच कर होगी कार्रवाई
तहसीन खान ने आरोप लगाया कि शबाना ने अवैध संबंधों में रोड़ा बन रहे उसके छोटे बेटे की प्रेमी के साथ मिलकर हत्या कर दी। दोनों आरोपियों सहित एक अज्ञात के खिलाफ भी षड्यंत्र के तहत हत्या कर साक्ष्य मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इंस्पेक्टर शैलेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच-पड़ताल कर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications