टीचर से विवाद पर स्कूल से छात्र हुआ लापता, रेलवे स्टेशन पर मिला बैग
मिर्जापुर। यूपी में मिर्जापुर जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र के लालडिग्गी स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में टीचर के भय के चलते हाईस्कूल का छात्र गुरुवार की सुबह स्कूल से निकलने के बाद लापता हो गया है। उसका बैग मिर्जापुर रेलवे स्टेशन पर मिला। गुरुवार को स्कूल में म्यूजिक टीचर से विवाद होने पर प्रिंसिपल ने उसे परिजनो को स्कूल में बुलाने के लिए भेजा था। सुबह सवा 11 बजे रेलवे स्टेशन पर बैग से मिले आई कार्ड के नंबर पर किसी ने फोन कर छात्र के चाचा को बैग मिलने की सूचना दी। रेलवे स्टेशन पर खोजबीन की पर वह नहीं मिला। रेलवे के सीसी कैमरे में वह टिकट की लाइन में लगा हुआ मिला। बुधवार की रात छात्र के चाचा ने कटरा कोतवाली में उसके लापता होने की तहरीर दी। गुरुवार को पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है।

चाचा करता था पालन-पोषण
कटरा कोतवाली क्षेत्र के इमामबाड़ा तिराहा निवासी अजय विश्वकर्मा का चाय-पान की दुकान है। उनके बड़े भाई स्व. विजय चौरसिया और भाभी की बीमारी की मौत के समय उनका भतीजा अंकित चौरसिया तीन माह का था, तभी से चाचा अजय ही अंकित का पालन -पोषण कर रहा है। अंकित लालडिग्गी स्थित लायंस पब्लिक स्कूल में हाईस्कूल का छात्र है। अजय चौरसिया ने बताया कि अंकित गुरुवार की सुबह सवा सात बजे स्कूल के लिए पैदल घर से निकला था।
म्यूजिक टीचर से हुआ विवाद
सवा 11 बजे किसी ने छात्र के चाचा के पास फोन कर जानकारी दी कि एक स्कूल बैग रेलवे स्टेशन पर पड़ा है जिसमें मिले आईकार्ड से नंबर मिला है। इसके बाद अजय स्कूल पहुंचा तो पता चला कि म्यूजिक की परीक्षा न देने के कारण अजय का म्यूजिक टीचर से विवाद हुआ। इसके बाद मामला प्रिंसिपल के पास पहुंचा, प्रिंसिपल डा. एनके पांडेय ने परिजन को बुलाने के लिए उसे भेजा। वह आधे घंटे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पास बैठा रहा। इसके बाद स्कूल से निकला। स्टेशन पर जाकर खोजबीन की उसका कहीं पता नहीं चल सका।
सीसी कैमरे में टिकट काउंटर की लाइन में दिखा छात्र
टिकट काउंटर के पास लगे सीसी कैमरे में देखा गया तो वह 10 बजकर 42 मिनट पर टिकट की लाइन में लगा था। इसके बाद प्लेटफार्म की ओर गया। प्लेटफार्म एक पर कैमरा न होने और दो नंबर के प्लेटफार्म के कैमरे में कुछ भी पता नहीं चल सका। चाचा ने कटरा कोतवाली में तहरीर दी गयी। कटरा कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। जल्द की छात्र को बरामद कर लिया जायेगा।












Click it and Unblock the Notifications