ग्रेटर नोएडा: 2 निर्माणाधीन इमारतें गिरी, मलबे में कई लोग दबे, 3 की मौत, बुलाई गई सेना
नोएडा। मंगलवार रात 4 मंजिला और निर्माणाधीन 6 मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई है। 4 मंजिला इमारत में कई परिवार रह रहे थे जबकि निर्माणाधीन बिल्डिंग में कई मजदूर मौजूद थे। दोनों इमारतों में 50 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य के लिए पहुंच गई हैं। पुलिस को मलबे में दबी हुई कई शव दिख रहे हैं।

घटना बिसराख पुलिस स्टेशन के शाहबेरी की बताई जा रही है। घटना रात के करीब 9 बजे की है। संकरी गली होने के कारण एनडीआरएफ की टीम और ऐम्बुलेंस के पहुंचने में परेशानी हो रही है। पहले 6 मंजिल की इमारत ढही जो कि एक निर्माणाधीन इमारत पर जा गिरी। इस इमारत के हर फ्लोर पर पांच फ्लैट थे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय प्रशासन को रहात कार्यों के लिए निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि इसी जमीन पर अवैध बिल्डिंग का निर्माण सेफ्टी नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा था। इमारत में घटिया निर्माण सामग्री लगाई गई और मानकों का उल्लंघन किया गया था। जिस कारण से मंगलवार रात यह बिल्डिंग भरभराकर गिर गई।
हादसे के वक्त बिल्डिंग में कई मजदूर मौजूद थे। घटना के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और दबे हुए लोगों की निकालने की कोशिश करने लगे। बताया जा रहा है कि मलबे में काफी लोग दबे हुए हैं। इसमें कई लोगों की मौत की आशंका भी जताई जा रही है।
गौतमबुद्धनगर के एडीएम कुमार विनीत ने कहा कि, अभी तक हम नहीं जानते कि क्या हुआ, उस संबंध में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा। हमारा उद्देश्य अभी बाकी लोगो को बचाना है। एनडीआरएफ द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications