वेतन खर्च कर सरकारी स्कूल को प्रिंसिपल ने कॉन्वेंट जैसा बनाया, हुआ चर्चित
अमेठी। एक प्रिंसिपल यूपी में अमेठी जिले के संग्रामपुर ब्लॉक अंतर्गत मधुपुर प्राइमरी स्कूल में तैनात हैं जो अपने कामों की वजह से चर्चा में हैं। यह प्रिंसिपल हर माह अपने वेतन का 30% हिस्सा स्कूल के डेकोरेशन से लेकर मेंटेनन्स पर खर्च करते हैं। धुन बस एक है, स्कूल में बच्चों की संख्या बढ़े और आने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सुविधा भी मिले।

इस तरह की मिल रही सुविधा
संग्रामपुर ब्लॉक अंतर्गत मधुपुर प्राइमरी स्कूल में तैनात प्रिंसिपल अरुणेश सिंह ने बच्चों की पढ़ाई पर पूरा ध्यान केंद्रित कर रखा है। यहां आने वाले बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ स्वच्छता और अनुशासन का भी पाठ पढ़ रहे हैं। यही नहीं यहां आने वाले बच्चों को जहां प्रोजेक्टर से पढ़ाई कराई जा रही वहीं स्कूल में बने टायलेट प्राइवेट स्कूलों के टायलेट से कम नहीं हैं। इसके अलावा साफ-सफाई पर भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

73 से 109 पर पहुंची बच्चों की संख्या
इस जी-तोड़ मेहनत के चलते अब आलम ये है कि 2016 में यहां पर कुल बच्चों की संख्या 73 थी पर अब यहां बच्चों की संख्या 109 पहुंच गई है। सरकारी स्कूल की इस व्यवस्था से प्रभावित हो कर अभिभावक अपने बच्चों का दाखिला दूसरे स्कूलों से न कराकर इस मॉडर्न प्राइमरी स्कूल में करा रहे हैं।

....ताकि बच्चों का पढ़ाई के प्रति बढ़े रुझान
प्रिंसिपल अरूणेश सिंह का कहना है कि यहां पर बच्चों में आधुनिक शिक्षा देने के लिए हर उस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा है, जो किसी कॉन्वेंट स्कूल में दी जाती है। हमने यहां आधुनिक टॉयलेट, पढ़ाई के लिए प्रोजेक्टर, वर्ण माला के अक्षरों की मोहर आदि सबकी व्यवस्था की है ताकि बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुझान बढ़ सके और यहां से पढ़े बच्चे भी आगे चलकर औरों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल सके।












Click it and Unblock the Notifications