यूपी: इलाहाबाद विश्विविद्यालय के चर्चित छात्र नेता की हुई हत्या, पहले छुए पैर, फिर मारी गोली
इलाहाबाद। इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के पीसीबी हॉस्टल में बुधवार की देर रात इनामी छात्र नेता अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्र राजनीति में किंग मेकर की भूमिका निभाने वाले सुमित शुक्ला को गोली किसने मारी है और हत्या का कारण क्या है ? अभी यह पता नहीं चल सका है। हालांकि पूरे यूनिवर्सिटी कैंपस समेत शहर का माहौल एक बार फिर से खराब हो गया है। यूनिवर्सिटी कैंपस व छात्र हॉस्टलों में तनाव है और अस्पताल के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुटी हुई है।

बर्थडे पार्टी में की गई हत्या
पुलिस के अनुसार सुमित शुक्ला बुधवार की देर रात पीसीबी हॉस्टल में आयोजित एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है। मामले में सीएमपी डिग्री कॉलेज के वर्तमान अध्यक्ष पर हत्या का आरोप है पुलिस आरोपी छात्र नेता की तलाश कर रही है।

25000 का था इनाम
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र नेता अच्युतानंद उर्फ सुमित शुक्ला यूनिवर्सिटी छात्र राजनीति का बड़ा नाम था और बड़ी तेजी के साथ उसने अपना वर्चस्व स्थापित कर लिया था। बीते कई चुनाव में सुमित छात्र संघ राजनीति के उन मठाधीशों में गिना गिना जाता था, जो किंग मेकर की भूमिका निभाया करते थे। हालांकि सुमित शुक्ला पर लगातार कानूनी शिकंजा भी कस रहा था और कई अपराधिक घटनाओं में संलिप्त पाए जाने के बाद प्रयागराज समेत आसपास के कई जिलों में उस पर कई मुकदमे दर्ज थे। लगातार पुलिस उसकी गिरफ्तारी का प्रयास भी कर रही थी। पिछले महीने जब इलाहाबाद यूनिवर्सिटी का छात्र संघ चुनाव शुरू हुआ तो उस दौरान पुलिस ने सुमित शुक्ला पर 25 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया था।

पैर छूकर फिर मारी गोली
हॉस्टल में बर्थडे पार्टी के दौरान सुमित शुक्ला पर गोली चलाने वाले शख्स की अभी पहचान तो नहीं हो सकी है। वहां मौजूद छात्रों ने पुलिस को बताया कि जिस युवक ने गोली मारी, उसने पहले सुमित शुक्ला का पैर छुआ और फिर पीछे जाकर पीठ पर हमला किया। गोली मारने के बाद हॉस्टल में भगदड़ मच गई और इसी का फायदा उठाकर हमलावर बाहर भाग निकला। गंभीर हालत में सुमित शुक्ला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद से माहौल ना बिगड़े इसके लिए पुलिस पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। एहतियातन यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर, अस्पताल व हॉस्टल के बाहर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications