मां को न्याय दिलाने के लिए आईजी को रिश्वत देने पहुंची बच्ची, देखिए वीडियो
यूपी के मेरठ में एक बच्ची मां के हत्यारोपियों को सजा दिलाने के लिए आईजी मेरठ के पास गुल्लक लेकर पहुंची।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मासूम बच्ची आईजी को रिश्वत देने पहुंची। दरअसल अपनी मां के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर 5 साल की मासूम बच्ची आईजी ऑफिस पहुंची। वहांं अपनी गुल्लक लेकर आईजी रामकुमार को रिश्वत देने की पेशकश की। मासूम ने आईजी से गुहार लगाई कि मेरी गुल्लक के सारे पैसे ले लो लेकिन मेरी मां के हत्यारोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाए।

ससुरालियों पर प्रताड़ना के आरोप, विवाहिता ने की थी खुदकुशी
दरअसल, मेरठ में कुछ ही दिनों पहले गंगानगर में रहने वाली एक विवाहिता ने ससुरालियों के प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में मृतक के परिजनों ने महिला के पति समेत 5 ससुरालियों पर नामजद मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने इस मामले में पति को जेल भेज दिया। बाकियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। मृतका के परिजनों ने दो आरोपियों को पकड़वा भी दिया लेकिन पुलिस पर आरोप है कि रिश्वत लेकर हत्यारोपियों को छोड़ दिया गया।

आईजी साब को रिश्वत देने लेकर गई गुल्लक
पुलिस की इसी मानसिकता से त्रस्त होकर मृतका की बेटी आई जी रेंज मेरठ को रिश्वत देने पहुंची। शायद अब मासूम की गुहार से पुलिस अधिकारियों का दिल पसीज जाए। अधिकारियों ने आनन-फानन में इस मामले का फॉलोअप लेना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि शायद मासूम की गुहार के बाद अब पुलिसिया कार्रवाई में तेजी आएगी।
इस मामले पर पुलिस ने क्या कहा?
हलांकि पुलिस का कहना है कि पति को जेल भेज दिया गया है। ये दोनों पति-पत्नी पाँच साल से परिवार से अलग रहते थे और पुलिस अभी बाकी लोगों के खिलाफ सबूत जुटा रही है। अगर किसी के खिलाफ कोई सबूत मिला तो उस पर भी कार्रवाई की जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications