भारत -पाक मैच का जुनून, मुंह से कैंची चलाकर सिर पर लिखा विराट
वाराणसी के अंसार अहमद मुंह में कैंची रखकर बाल काटते हैं। उन्होंने अपनी इस कला का प्रदर्शन देश-विदेश में कर सबको हैरान किया है।
वाराणसी। चैम्पियंस ट्राफी के सबसे रोचक मुकाबले के दिन टीम इंडिया अपने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर भिड़ रही है। मैदान के बाहर भी मैच को लेकर सरगर्मी कम नहीं हैं। टीम इंडिया को जिताने के लिए बनारस में भारतीय समर्थकों ने अपने सिर के बाल कटाकर टीम के कैप्टन का नाम लिखवा लिया है, वो भी किसी खास नाई से जो मुंह में कैंची रखकर बाल काटते हैं।

मुँह से कैंची चलाकर लिखा कोहली का नाम
बनारस के भारतीय समर्थक अंसार अहमद ने अपने अलग अंदाज में टीम को विश करने का नायाब तरीका निकाला है। अंसार अहमद दुनिया के इकलौते ऐसे शख्स हैं जो हाथों से नहीं बल्कि मुँह से कैंची चलाकर बाल काटने का अंदाज जानते हैं।

भारत-पाक मैच को लेकर उत्साहित हैं अंसार
अंसार ने कहा कि वो इंडिया और पाकिस्तान के मैच को लेकर खासा उत्सुक हैं। इसलिए उन्होंने अपने अंदाज में आज भारतीय प्रशंसको के बाल काटे और मुँह से कैंची चलाकर टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली का नाम भी लिखा।

कई देशों में इसी अंदाज में बजा चुके हैं काशी का डंका
वाराणसी के रहनेवाले अंसार अहमद शहर के एक नामचीन सैलून में काम कर अपनी जीविका चलाते हैं। यही नहीं वो समय-समय पर कैंप लगाकर मुँह से बाल कतरने का शो भी करते हैं। वनइंडिया हिंदी से बातचीत में अंसार ने कहा की वो जल्द की 50 वर्ष के ऊपर के लोगों का कैम्प लगाकर मुफ्त में बाल काटने की तैयारी में हैं।

मुंबई के सैलून में सीखी यह कला
अंसार ने यह कला मुंबई के एक छोटे से सैलून में सीखी और जापान के लेकर बैंकॉक, चीन जैसे देशों में इन्होने मुँह से बाल काटकर लोगों को हैरान कर दिया तो काशी का नाम भी रोशन किया है। अंसार ने हमें बताया कि वो कोहली के फैन हैं और इसी वजह से उन्होंने आज के मैच में जीत दिलाने के लिए मुँह से कैची चलाकर कोहली का नाम लिखा है।












Click it and Unblock the Notifications