UP: कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में आई भारी गिरावट, 4,800 से कम मिले नए मरीज
UP: कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या में आई भारी गिरावट, 4,800 से कम मिले नए मरीज
लखनऊ, मई 23: कोरोना संक्रमण और ब्लैक फंगस से जूझ रहे उत्तर प्रदेश के लिए अच्छी खबर है। यहां प्रतिदिन मिल रहे नए संक्रमित मरीजों की संख्या में तेजी से कमी आई है। उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने यह जानकारी दी है कि प्रदेश में आज कोरोना के 4,800 नए मामले सामने आए। सक्रिय मामलों की संख्या 84,800 है। पिछले 20 दिनों में उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले 2.6 लाख से गिरकर 84800 हो गए हैं।

वहीं, प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने झांसी में कहा कि प्रदेश में आज रिकॉर्ड 3,17,000 टेस्ट हुए हैं। अब तक हमने 18-44 साल की उम्र के 10 लाख से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई है। हम 1 जून से 75 जनपदों में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम शुरू करेंगे। इससे पहले शनिवार को यूपी के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के डायरेक्टर शिशिर ने यह जानकारी दी थी कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 6,046 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं जबकि 17,540 मरीज इस बीमारी से ठीक हुए और उनको अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। डायरेक्टर शिशिर बताया कि प्रदेश में रिकवरी रेट फिलहाल 93.2 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 30 अप्रैल के बाद एक्टिव केस के आंकड़ों में कमी आई है। प्रदेश में एक लाख से भी कम एक्टिव केस रह गए हैं जो कि 30 अप्रैल की पीक की तुलना में करीब 2.15 लाख कम हैं।
कोविड मरीजों की संख्या में आ रही है भारी गिरावट
यूपी में रिकॉर्ड संख्या में टेस्ट कराने व ट्रेसिंग के जरिए प्रदेश में कोरोना की तीव्रता दिनों-दिन कम होती जा रही है। दैनिक नए केस की पुष्टि हो या फिर पॉजिटिविटी दर, लगातार गिरावट जारी है, तो रिकवरी दर बढ़कर 93.2 फीसदी हो गई है। इससे पहले, 30 अप्रैल को 03 लाख 10 हजार 783 कोरोना मरीज थे और रिकवरी रेट 74.1 फीसद था। कोरोना काल के इस पीक अवधि से अगर ताजा स्थिति की तुलना करें तो महज 21 दिनों में एक्टिव केस में 72 फीसदी से अधिक की गिरावट हुई और वर्तमान में 94,482 कोरोना मरीज उपचाराधीन हैं जबकि रिकवरी रेट 19.1 फीसदी की बेहतरी के साथ अब 93.2 फीसदी हो गई है।
कोरोना की दूसरी लहर को 31 मई तक करेंगे नियंत्रित: सीएम योगी
तीसरी लहर से सभी को बचाने के लिए हमने टीकाकरण को वृहद अभियान के तौर पर चलाने का लक्ष्य रखा है। एक करोड़ 62 लाख से अधिक लोगों को टीका लग चुका है। इस सुरक्षा कवच के साथ-साथ यह भी व्यवस्था की जा रही है कि जो लोग शहर-गांव में लोग अस्पताल में जाने से परहेज कर रहे हैं। ऐसे में सभी जगह टीकाकरण चल रहा है, हमारा प्रयास है कि हम लोग 31 मई को कोरोना की दूसरी लहर को नियंत्रित करेंगे और जून में दोगुनी-तीन गुनी रफ्तार से टीकाकरण को आगे बढ़ाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications