बहराइच: तेज रफ्तार का कहर, ट्रक की ठोकर से 3 की मौत
बहराइच। बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को जोरदार टक्कर मार दिया। इससे ट्रैक्टर ट्राली के समीप खड़े तीन युवकों की मौत हो गयी। जबकि एक मामूली रूप से घायल हुआ है। उसे गिलौला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया है। गिलौला पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के शिकार सभी बलरामपुर जिले के रहने वाले थे।

बलरामपुर जिले के देहात कोतवाली अंतर्गत गंगापुर बाकी गांव निवासी उमानाथ (35) पुलिस महकमे का चौकीदार है। बहराइच में दो ट्रालियां खरीदने आया था। उमानाथ के साथ गांव के गोपी उर्फ विजय कुमार (28), ननकऊ (45) व मंगलेश (30) भी आये थे। चारों एक ट्रैक्टर से दो ट्राली जोड़कर वापस गांव जा रहे थे। लेकिन श्रावस्ती जिले में गिलौला थाना अंतर्गत बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर एकघरवा गांव के पास ट्राली में कुछ गड़बड़ी आ गयी। सभी ट्रैक्टर से उतरकर पहियों को चेक करने लगे। तभी बलरामपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर ट्राली को जोरदार टक्कर मार दिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्राली व ट्रैक्टर दो हिस्सों में अलग होकर मार्ग के किनारे झड़ियों में जाकर पलट गयी। वहीं ट्रक की चपेट में आकर गोपी, ननकऊ व मंगलेश की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गयी। जबकि उमानाथ घायल हो गया। टक्कर से अचानक आयी आवाज आसपास गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गयी। गिलौला थाना अध्यक्ष मनोज पांडेय ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उमानाथ का गिलौला सीएचसी में इलाज कराया गया है। अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सभी के परिजनों को सूचित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications