Good News: योगी सरकार का बड़ा ऐलान, अधर में लटकी 12460 पदों पर शिक्षक भर्ती शुरू
इलाहाबाद। यूपी की पूर्ववर्ती अखिलेश सरकार में शुरू हुई 12460 पदों पर शिक्षक भर्ती को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। पहले चरण की काउंसलिंग पूरी होने के बाद कटऑफ जारी होने से पहले ठप हुई इस भर्ती को योगी सरकार ने पूरा करने का निर्देश दे दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 15 जून तक चयनित अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग लेटर जारी करने का आदेश जारी कर दिया गया है। फिलहाल भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से एक बार फिर से इस भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी छलक पड़ी है और पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को यह बड़ी जीत मिली है। फिलहाल भर्ती में आगे की प्रक्रिया पिछले शासनादेश यानी 15 दिसंबर 2016 को हुए शासनादेश के अनुसार होगी और 15 जून तक इस भर्ती को पूरा कर लिया जाएगा। बता दें इस भर्ती में बीटीसी, विशिष्ट बीटीसी और इसके समकक्ष योग्यता वालों को मेरिट के आधार पर चयनित किया जाना था और इसकी पहले चरण की काउंसिलिंग भी कराई जा चुकी है।

2016 मे शुरू हुई थी भर्ती
2016 में अखिलेश यादव सरकार के दौरान 12460 पदों पर टीचर भर्ती शुरू की गई थी। इस इस भर्ती द्वारा परिषदीय विद्यालयों के खाली पद भरे जाने थे, पहले चरण की काउंसलिंग पूरी हुई और ठीक कटऑफ जारी होने से पहले योगी सरकार सत्तारूढ़ हुई जिसने इस भर्ती पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। योगी सरकार ने ग्रेडिंग और शैक्षणिक गुणांक को लेकर नए नियम का आदेश दिया और बीटीसी प्रशिक्षण-2013 उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए ग्रेड के सापेक्ष मेरिट गुणांक का पुन: निर्धारण कर दिया। इससे नाराज अभ्यार्थी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट चले गए। जिससे भर्ती प्रक्रिया अधर में लटक गई।
हाईकोर्ट ने पुराने नियम का दिया आदेश
2012 व 2013 बैच बीटीसी प्रशिक्षुओं ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर पुराने नियम से ही भर्ती कराने की मांग की थी। जिस पर हाईकोर्ट में इस मामले में सुनवाई की और ग्रेडिंग और शैक्षणिक गुणांक विवाद को खत्म करते हुए पुराने नियम से ही भर्ती शुरू करने का आदेश दिया था। हाईकोर्ट के आदेश को अमल में लाते हुए अब योगी सरकार ने 12460 शिक्षक भर्ती को शुरू कर दिया है जिसमें 15 जून तक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र मिलेगा। अब इस भर्ती में कट ऑफ जारी होने के साथ दूसरे चरण की काउंसिलिंग होगी।
ये भी पढे़ं- पिता के जुल्म से बचकर चाची के पास भागी दो बहनें, वहां चचेरे भाई ने किया रेप












Click it and Unblock the Notifications