उन्नाव: सब्जी विक्रेता की सामने आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सिर में चोट लगने गई थी जान
उन्नाव, मई 23: कोरोना कर्फ्यू तोड़ने के आरोप में उन्नाव पुलिस ने सब्जी बेच रहे 17 वर्षीय फैसल को जबरन उठा लिया था और थाने ले गई थी। बाद में फैसल की उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अब फैसल की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, दाहिने कान के ऊपर सिर में गंभीर चोट (हेड इंजरी) से उसकी मौत की पुष्टि हुई है। वहीं, उसके शरीर पर 13 गंभीर चोटें पाई गई हैं।

बता दें कि, पुलिस कस्टडी में फैसल की मौत हो जाने के बाद परिजन और सब्जी विक्रेताओं में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोग बांगरमऊ चौराहे बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। जाम के दौरान बांगरमऊ से हरदोई, लखनऊ और उन्नाव का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। जाम की खबर मिलते ही मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने लोगों को समझाया और फैसल का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल से करवाने की बात कही।
शनिवार को 17 वर्षीय फैसल का पोस्टमॉर्टम दो डॉक्टरों के पैनल व वीडियोग्राफी के बीच हुआ। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया। फैसल के परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में सुबह 11 बजे कब्रिस्तान में शव का दफना दिया। तो वहीं, इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना बांगरमऊ में घटित घटना के संबंध में पुलिस द्वारा 302 के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। बताया कि नामजद तीन अभियुक्तों में पुलिस द्वारा एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि शेष दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रयास किए जा रहे है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की विवेचना क्राइम ब्रांच को दी गई है। जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएंगी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मेरे पास इस समय कोई रिपोर्ट नहीं है।
क्या है पूरा मामला
मामला उन्नाव जिले के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के भटपुरी इलाके का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, फैसल (17) कोरोना कर्फ्यू के दौरान सब्जी बेच रहा था। मृतक फैसल के चाचा मिराज ने बताया कि सब्जी बेचने के दौरान दो सिपाही उसे उठाकर स्थानीय पुलिस स्टेशन ले गए, जहां उसे बुरी तरह पीटा गया। पिटाई से उसकी हालत बिगड़ गई और जिसके बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications