Unnao News: गंगाघाट में छात्रा ने बीच सड़क मनचले को चप्पलों से पीटा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
Unnao News: उन्नाव जिले में एक छात्रा ने अपनी हिम्मत से लोगों को चौंका दिया। स्कूल जाते समय छेड़खानी करने वाले युवक की उसने बीच सड़क पर जमकर पिटाई कर दी। पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई।
यह मामला गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र की पोनी रोड का बताया जा रहा है। वीडियो में छात्रा युवक को थप्पड़, चप्पल और लात-घूंसों से पीटती नजर आ रही है। इस दौरान वहां मौजूद राहगीर तमाशबीन बने रहे।

बताया जा रहा है कि रोज-रोज युवक की हरकतों से छात्रा बेहद परेशान थी। उसने बताया कि आरोपी रोजाना उसका पीछा करता और गंदे-गंदे कमेंट करता था। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब युवक नहीं माना तो उसने सख्ती से जवाब देना तय किया।
युवक का पकड़कर लोगों ने पुलिस को सौंपा
पिटाई के दौरान छात्रा युवक को गालियां देती भी सुनाई दे रही है। गुस्से में छात्रा ने करीब 15 से 20 मिनट तक उसे सड़क पर घसीट-घसीटकर पीटा। इस दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
उसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। युवक की पहचान ब्रह्मनगर निवासी 20 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर हो रही छात्रा की सराहना
पुलिस ने बताया कि युवक ई-रिक्शा से पानी सप्लाई करने का काम करता है। छात्रा की शिकायत पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हालांकि, आरोपी पर 151 की कार्यवाही करते हुए उसका चालान किया गया है।
इस घटना के वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर छात्रा की हिम्मत की कुछ लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है। लोग कह रहे हैं कि ऐसी लड़कियां समाज के लिए प्रेरणा हैं जो डरकर नहीं, डटकर जवाब देती हैं।
वहीं इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। कई बार शिकायतों के बावजूद आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती जिससे उनका हौसला और बढ़ता है।












Click it and Unblock the Notifications