'ऐसे शब्द बोलने ही नहीं चाहिए, जिनसे...', महाकाल मंदिर से बिना दर्शन लौटे रणबीर को नरोत्तम मिश्रा ने दी सलाह
उज्जैन, 7 सितंबर : प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे, जहां एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के मंदिर पहुंचने से पहले ही हिंदूवादी संगठनों ने महाकाल मंदिर के मुख्य द्वार पर विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया, जिसे देखते हुए एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, बाबा महाकाल के दर्शन किए बगैर ही उज्जैन से रवाना हो गए, वहीं अब इस घटनाक्रम को लेकर प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बयान भी सामने आया है।

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का बयान
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि, देखिए प्रदर्शन होना किसी विषय का यह अलग विषय है। दर्शन के लिए कोई रोक नहीं थी, उनके साथ के लोग सभी, अयान मुखर्जी से लेकर सभी लोगों ने दर्शन किए। वहां पूरी व्यवस्था की व्यवस्था की गई थी। इनसे भी आग्रह किया गया था कि यह चलें, मेरी वहां के प्रशासन से बात हुई, और जैसा मुझे वहां के प्रशासन ने बताया कि, हमने आग्रह किया, और वह नहीं गए प्रदर्शन को दृष्टिगत रखते हुए, और ऐसा शाब्दिक शब्द का प्रयोग भी कलाकारों को नहीं करना चाहिए, जिससे लोगों की भावना आहत हो।

इस कारण हुआ जमकर विरोध
हंगामा कर रहे हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की मानें तो एक्टर रणबीर कपूर खुद बता चुके हैं कि, उन्हें बीफ यानि गौ मांस पसंद है, ऐसे में बीफ खाने वालों को मंदिर में कैसे प्रवेश दिया जा रहा है। यही कारण रहा कि, एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के महाकाल मंदिर पहुंचने से पहले ही हिंदूवादी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए कार्यकर्ताओं को खदेड़ने की कोशिश की, जिसके चलते कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।

डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने किए महाकाल दर्शन
हंगामेदार स्थिति के बीच फिल्म एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट, बिना दर्शन किए ही मंदिर से लौट गए। इस बीच एक्टर रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के साथ डायरेक्टर अयान मुखर्जी, उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह के बंगले पर भी पहुंचे थे, जिसके बाद हंगामा शांत होने पर फिल्म के डायरेक्टर अयान मुखर्जी ने महाकाल मंदिर पहुंचकर पूजन अर्चन किया, और बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।












Click it and Unblock the Notifications