Ujjain : गर्भ गृह में महाकाल दर्शन के लिए लागू होगा नया नियम, 1500 के टिकट में हो सकता है बड़ा बदलाव
धार्मिक नगरी उज्जैन में विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर के गर्भ ग्रह में पूजन के लिए दी जाने वाली रसीद में बदलाव करने की तैयारी की जा रही है, जहां विशेष दर्शन की रसीद का दुरुपयोग रोकने के लिए सॉफ्टवेयर की मदद से नई व्यवस्था लागू करने का प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत गर्भ गृह में पूजन के लिए मिलने वाली 1500 रुपए की रसीद में क्यूआर कोड लगाने की तैयारी की जा रही है। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत गर्भ गृह में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर के टिकट काउंटर पर उपस्थित रहना अनिवार्य रहेगा।

कुछ ऐसी रहेगी नई व्यवस्था
महाकाल मंदिर के गर्भ गृह में पूजन के लिए रसीद में क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था यदि लागू की जाती है तो इस व्यवस्था के अंतर्गत गर्भ गृह में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को मंदिर के टिकट काउंटर पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा, जहां श्रद्धालुओं के फोटो खींचने के बाद क्यू आर कोड लगाकर रसीद दी जाएगी। गर्भ गृह में प्रवेश से पहले चांदी द्वार पर क्यूआर कोड स्कैन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं की जानकारी रहेगी। जानकारी सही होने के बाद ही गर्भ गृह में प्रवेश दिया जाएगा।

दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु
दीपावली का पर्व संपन्न होते ही धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने लगी है, जहां छुट्टियों के चलते अब प्रतिदिन दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की संख्या में इजाफा हुआ है। वहीं देश के अलग-अलग राज्यों से श्रद्धालु महाकाल लोक निहारने भी धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंच रहे हैं। यही कारण है कि, धार्मिक नगरी उज्जैन की सारी पार्किंग फुल नजर आ रही है, तो वहीं जाम की भी स्थिति बन जाती है। शाम होते-होते श्रद्धालुओं की संख्या में इजाफा होता है, जो देर रात तक नजर आता है।

महाकाल लोक देखने को लेकर उत्साह
मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में महाकाल लोक के लोकार्पण के बाद अब महाकाल लोक को आम जनमानस के लिए खोल दिया गया है। यही कारण है कि, बड़ी संख्या में आम जनता अब महाकाल लोक को निहारने पहुंच रही है। प्रदेश और देश के अलग-अलग स्थानों से धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे श्रद्धालुओं में महाकाल लोक को निहारने का अलग ही उत्साह नजर आ रहा है। यही कारण है कि, बड़ी संख्या में लोग महाकाल लोक को निहारने पहुंच रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications