उज्जैन: महाकाल मंदिर में आग लगने से हड़कंप, मची अफरा-तफरी
उज्जैन, 22 जुलाई: प्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मंदिर परिसर में बीती रात आग लग गई। यह आग मंदिर परिसर में नागचंद्रेश्वर मंदिर के पास चल रहे फोल्डिंग ब्रिज कार्य के दौरान लगी, जहां इस आग लगने का कारण निर्माण कार्य के दौरान हो रही वेल्डिंग को बताया जा रहा है। आग लगने के तुरंत बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया, जिसके बाद अफरा-तफरी भरे माहौल के बीच मंदिर प्रबंधन कर्मचारी और सुरक्षाकर्मियों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे
विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर में जिस वक्त यह हादसा हुआ उस वक्त बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर के अंदर ही मौजूद थे। सावन का पवित्र महीना होने के चलते मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या बाबा महाकाल के दर्शन के लिए पहुंचती है। इस बीच मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान अचानक आग लग गई, जिसके चलते श्रद्धालु भी सहम गए। इससे पहले भी महाकाल मंदिर परिसर में अलग-अलग तरह के घटनाक्रम सामने आ चुके हैं, जो मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाते हैं।
नाग पंचमी पर्व की चल रही तैयारी
विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकाल मंदिर के ठीक ऊपर के हिस्से में नागचंद्रेश्वर मंदिर स्थित है, जो साल में सिर्फ एक बार नाग पंचमी पर्व पर खुलता है, जब बाबा नागचंद्रेश्वर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। नाग पंचमी पर्व पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए, मंदिर परिसर में अलग-अलग तरह के कार्य किए जा रहे हैं, जिसमें मुख्य रुप से मंदिर तक पहुंचने के लिए फोल्डिंग ब्रिज तैयार किया जा रहा है। इसी ब्रिज के निर्माण कार्य के दौरान फील्डिंग करते वक्त आग लग गई।
कर्मचारियों की सूझ बूझ के चलते टला बड़ा हादसा
आग लगने की सूचना जैसे ही मंदिर प्रबंधन समिति को लगी, वैसे ही प्रबंधन समिति के सदस्य और अन्य कर्मचारी आग बुझाने के कार्य में जुट गए। कर्मचारियों की सूझ-बूझ का ही परिणाम रहा कि, बड़ा हादसा टल गया, जहां समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिस वक्त मंदिर परिसर में यह आग लगी, उस वक्त मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।












Click it and Unblock the Notifications