MP News: गोविंदा का खुलासा- पैर में गोली से लेकर ऊंची बिल्डिंग से गिरने तक, महाकाल ने हर बार बचाया
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता गोविंदा शनिवार को उज्जैन पहुंचे और महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। चेटीचंड पर्व में शामिल होने आए गोविंदा ने नंदी हॉल से बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना कही।
इसके बाद देहरी से भगवान का पूजन-अभिषेक भी किया। करीब 20 मिनट तक मंदिर में समय बिताने के बाद उन्होंने अन्य मंदिरों के भी दर्शन किए। रविवार को वे चेटीचंड पर्व के जुलूस का हिस्सा बनेंगे।

मंदिर में गोविंदा को देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई। गोविंदा पहले भी कई बार महाकाल के दर्शन के लिए आ चुके हैं और उनकी पत्नी व बेटी भी यहां आशीर्वाद लेने आ चुकी हैं। इस बार उन्होंने अपने जीवन के मुश्किल पलों और चमत्कारिक ढंग से बचने की कहानियां साझा कीं, जो उनके प्रशंसकों के लिए बेहद रोचक रहीं।
"बंदूक फिसली और गोली चल गई"
गोविंदा ने अपनी जिंदगी की एक खतरनाक घटना का जिक्र करते हुए बताया, "कुछ समय पहले मेरे पैर में गोली लग गई थी। मैं बैठा हुआ था और बंदूक फाइल पर रखी थी। अचानक वह फिसल गई और गोली चल गई। यह गोली मेरे हृदय या पेट में भी लग सकती थी, लेकिन उस पल मैं खड़ा हो गया। नतीजा, गोली मेरी पिंडली से होते हुए घुटने में जाकर अटक गई। यह सब एक योग था, जो बाबा की कृपा से टल गया।"
"ऊंची बिल्डिंग से गिरकर मरने वाला था"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने जीवन में कई कठिन दौर देखे। तकलीफें आईं, लेकिन बाबा महाकाल की कृपा से कोई बड़ा संकट नहीं आया। कई बार ऐसी नौबत आई कि ऊंची इमारत से गिरकर मेरी जान जा सकती थी, लेकिन हर बार ईश्वर ने मुझे बचा लिया।" गोविंदा ने बच्चों को संदेश देते हुए कहा, "हमेशा माता-पिता की सेवा में जुड़े रहें। उनकी दुआओं और भगवान के आशीर्वाद से ही मैं गोविंद से गोविंदा बन पाया।"
"बच्चों के लिए मांगी दुआ"
महाकाल के प्रति अपनी अटूट आस्था जताते हुए गोविंदा ने कहा, "मैंने बाबा से अपने बच्चों के लिए प्रार्थना की। मेरी पूज्य माता, आदरणीय निर्मला देवी जी के आशीर्वाद और ईश्वर की कृपा से ही मैं आज इस मुकाम पर हूं।"
गोविंदा की यह यात्रा और उनके जीवन के अनुभव न केवल उनके भक्ति भाव को दर्शाते हैं, बल्कि यह भी बताते हैं कि कैसे वे बार-बार मुश्किलों से उबरकर अपने प्रशंसकों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। उनकी यह कहानी सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है।












Click it and Unblock the Notifications