उदयपुर के कन्हैयालाल हत्याकांड में सस्पेंड हुए आरपीएस जितेंद्र आंचलिया को ACB ने किया गिरफ्तार

RPS Jitendra Anchaliya: उदयपुर के बहुचर्चित केस कन्हैया लाल हत्याकांड में सस्पेंड हुए आरपीएस जितेंद्र आंचलिया को अब एसीबी ने रिश्वत मांगने के आरोप में अरेस्ट किया है। उनके साथ ही उदयपुर के सुखेर पुलिस थाने के तत्कालीन निलंबित उप निरीक्षक रोशनलाल व तीन दलालों को भी पकड़ने के लिए दबिश दी गई। जयपुर मुख्यालय से एसीबी की पांच टीमें उदयपुर व राजसमंद पहुंचकर कार्रवाई की।
Recommended Video

मीडिया से बातचीत में एसीबी के एएसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि उदयपुर निवासी एनआरआई ने नवंबर 2022 को एसीबी में शिकायत देकर बताया था कि वह बीते 30 साल से कुवैत रह रहा है। वह उदयपुर में अपने छोटे को प्रॉपर्टी में निवेश के लिए रुपए भेजता था। छोटे भाई ने साल 2007 में खुद व पत्नी के नाम से 32000 वर्गगज जमीन खरीदी।
उसी जमीन पर उसने छोटे भाई को उदयपुर में कंपनी खोलकर दी थी। साल 2019 में छोटे भाई की कैंसर से मौत हो गई। फिर छोटे भाई की पत्नी ने फरवरी 2022 को उक्त जमीन को पांच करोड़ रुपए में बेच दिया। परिवादी विदेश से लौटा और पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।
फिर सीओ जितेंद्र आंचिलया, उपनिरीक्षक रोशनलाल, दलाल रमेश जैन, अंकित मेवाड़ा व मनोज श्रीमाली ने जमीन खरीद-फरोख्त के एग्रीमेंट डरा धमकाकर बनवा दिया। इसके बाद परिवादी के खिलाफ दर्ज झूठे केस में एफआर लगाने के लिए उप निरीक्षक रोशनलाल दो लाख रुपए की घूस मांग रहा था।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया गया, जिसमें 6 हजार व 500 रुपए के महंगे तोहफे भी लिए जाना सत्यापित हुआ। उधर, सीओ जितेंद्र आंचलिया कन्हैयालाल हत्याकांड में निलंबित होकर बहाल भी हो गया। बाद में जितेंद्र आंचलिया व रोशनलाल को रिश्वत केस में सस्पेंड कर दिया। अब आंचलिया की गिरफ्तारी हुई है। शेष आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications