उदयपुर : आधी रात को अचानक पोल्ट्री फॉर्म में आग लगने से जिंदा जल गईं पांच हजार मुर्गियां व चूजे
उदयपुर, 15 दिसम्बर। राजस्थान के उदयपुर में पोल्ट्री फॉर्म में आग लगने से पांच हजार मुर्गियां व चूजे जिंदा जल गए। इससे पोल्ट्री फॉर्म के मालिक को भारी नुकसान हुआ है। सूचना पाकर दमकल भी मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाया तब तक मुर्गे, दाने समेत पोल्ट्री फॉर्म में रखा सामान राख हो गया।

इस पोल्ट्री फॉर्म पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच के आधार पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार आग मंगलवार देर रात उदयपुर जिले के गुडली स्थित राणावत पोल्ट्री फॉर्म पर लगी है। यहां पर इसमें 15 अलग-अलग सेक्शन बनाकर उसमें करीब 5000 मुर्गे, मुर्गियां व चूजे रखे हुये थे, जो जिंदा जल गए।
पोल्ट्री फॉर्म के मालिक विक्रम सिंह ने मंगलवार देर रात दमकल विभाग को फोन करके आग लगने की सूचना दी थी। दमकल पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। विकराल रूप ले चुकी आग पर काफी मशक्कत के बाद काबू पाया गया, मगर तब तक पांच हजार मुर्गों को बचाया नहीं जा सका।












Click it and Unblock the Notifications