बाइक सर्विस सेंटर का बिजली बिल 3 करोड़ 71 लाख रुपए, नहीं भरने पर 7 लाख का जुर्माना
उदयपुर। बिजली कम्पनियों द्वारा उपभोक्ताओं को किस तरह आंख मूंदकर बिल जारी किए जाते हैं। इसकी एक बानगी राजस्थान के उदयपुर जिले के सलूम्बर उपखंड के गींगला कस्बे में देखने को मिली है। यहां के प्रताप चौराहे पर बाइक सर्विस सेंटर का बिजली बिल देख उसके मालिक के होश उड़ गए। बिजली बिल तीन करोड़ 71 लाख 61 हजार 507 रुपए था।

17 सितम्बर भुगतान की अंतिम तिथि
गींगला निवासी पेमाराम डांगी ने बताया कि एवीवीएनएल के सलूम्बर स्थित एईएन कार्यालय की ओर से उसके सर्विस सेंटर में उपभोग की गई बिजली के पेटे करीब पौने दो करोड़ रुपए का बिल जारी किया गया है। यही नहीं बल्कि बिजली के इस बिल के भुगतान की अंतिम तिथि 17 सितम्बर है। तय तिथि पर यह बिल राशि जमा नहीं करवाने की स्थिति में 7 लाख 16 हजार 161 रुपए की पेनल्टी का भी उल्लेख किया गया था।

संशोधित बिल 6 हजार का
बिजली देख पेमाराम ने तुरंत विद्युत कार्यालय से सम्पर्क किया। तब बिल संशोधित कर दिया गया। नए बिल में महज 231 यूनिट उपभोग बताते हुए 6 हजार 414 रुपए का बिल जारी कर दिया गया। इसमें भी 3148 रुपए तो पिछले बिल की बकाया राशि है।

बिल राशि में संशोधन करवा दिया
विद्युत निगम के चीफ इंजीनियर एनएल सलवी ने बताया कि सहायक अभियंता को जैसे ही जानकारी में आया तुरंत उसे सुधार कर वास्तविक बिल दे दिया गया है। कंप्यूटर में सर्वर डाउन होने से डबल फीडिंग होने या क्लरिकल गणना की वजह से गलती हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications