Surat Viral Video: सूरत में व्यापारी ने सड़क पर गिराए करोड़ों के Diamonds! लोगों में मची हीरे ढूंढने की होड़
Diamond on Road in Surat Video: भारत की डायमंड सिटी सूरत से एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि सड़क पर हीरे बिखरे पड़े हैं। वीडियो में हीरों को चुनते लोग भी दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो सूरत के वराछा इलाके के मिनी बाजार का बताया जा रहा है। सड़क पर कई दूर तक फैले इन हीरों को एकत्रित करने के लिए आम राहगीर नहीं बल्कि छोटे व्यापारियों में भी सड़क होड़ मच गई।

इंडिया टुडे की एक खबर के अनुसार सूरत के वराछा इलाके के मिनी बाजार में अफवाह फैल गई थी कि एक व्यापारी ने गलती से सड़क पर करोड़ों रुपए के हीरे गिरा दिए, अब जिसके जो हाथ लगे वो ढूंढकर ले जा सकता है।
हीरे भी सड़क पर किसी सीमित जगह में नहीं बल्कि काफी दूर तक फैले हुए थे। जैसे ही लोगों में यह अफवाह फैली तो लोग बड़ी संख्या में सड़क पर पहुंच गए और हीरे चुनने लगे। इसी दौरान लोग इनके वीडियो भी बनाने लगे, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हालांकि बाद में लोगों को जांच से पता चला कि सड़क पर बिखरे मिले हीरे असली नहीं थी। ये हीरे ना हीरा-पन्ना जैसी खदान से निकाले गए और ना ही किसी लैब में तैयार किए गए थे। ये तो अमेरिकी हीरे थे, जिनकी कोई खास कीमत नहीं होती।
दरअसल, देश में सूरत डायमंड हब है। यहां महिधपुर और वराछा इलाके में सब्जी मंडी की तरह हीरों की मंडी लगती है, जिसमें सड़क और फुटपाथ पर बैठकर हीरों की खरीद-फरोख्त होती है।
गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवाणी ने भी 'हीरे' चुनते लोगों का वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया है। मेवाणी ने लिखा कि 'पिछले 9 वर्षों में देश में आर्थिक क्रांति के तमाम प्रचार और दावों के बीच, सूरत के एक हीरा व्यापारी को मौजूदा चुनौतीपूर्ण कारोबारी माहौल में अपने व्यवसाय की मांग पैदा करने में विफलता से निराश होकर अपने हीरे सड़कों पर फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ा। सैकड़ों लोग सड़कों से फेंके गए हीरे को इकट्ठा करते हुए देखे जाते हैं। अब हम सूरत में हीरा उद्योग की गंभीर स्थिति की कल्पना कर सकते हैं जो घटते निर्यात से प्रभावित हुआ है।'












Click it and Unblock the Notifications