सूरत: फायरिंग कांड के बाद टैंपो चालक की चाकू मारकर हत्या, शौचालय के पास मिला लहूलुहान शव
सूरत। कोरोना महामारी फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद से आपराधिक घटनाओं में फिर इजाफा हो रहा है। यहां उधना में देर रात फायरिंग के बाद एक ऑटो रिक्शा चालक की हत्या कर दी गई। शुक्रवार को पटेलनगर में एक सार्वजनिक शौचालय के पास उसका शव लहूलुहान अवस्था में मिला। जिस पर धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या की गई थी। खून से सने शव के पास से ही पुलिस को एक चाकू भी मिला।

पुलिस ने बताया कि, मृतक की पहचान उधना पटेलनगर निवासी विशाल पुत्र गणपत पंवार (24) के रूप में की गई है। बताया जाता है कि वह रात में अपनी ऑटो रिक्शा में सो रहा था। उस दौरान किसी बात को लेकर विवाद होने पर किसी ने उस पर चाकू से हमला किया। विशाल पुत्र गणपत पंवार के गले, सीने पर वार किए गए थे। उसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। लहूलुहान हालात में रिक्शा से निकलकर शौचालय के पास पहुंचा और वहीं गिर पड़ा। सुबह वहां उसका शव होने की सूचना मिलने पर उधना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने विशाल पुत्र गणपत पंवार की लाश को पोस्टमार्टम के लिए स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में गणपत पंवार की एफआईआर के आधार पर मामला दर्ज किया गया। हमलावर कौन थे और हमला क्यों किया, इस बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस को घटनास्थल के आस पास से कुछ फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications