गुजरात: शादी में नाचते समय धक्का लगने पर दो सगे भाइयों को तलवार से काटा, एक की मौत
सूरत। गुजरात में सूरत जिला स्थित एसएमसी आवास में रहने वाले 2 सगे भाइयों पर तलवार से हमला कर दिया गया। वे दोनों अपने दोस्त की बहन की शादी में शामिल होने गए थे। वहीं, नाचने के दौरान छोटे भाई का एक शख्स से झगड़ा हो गया। उस शख्स के साथ कुछ अन्य लोग भी थे, उन्होंने उन दोनों भाइयों पर तलवार से वार किया। इस झगड़े में वे दोनों भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां एक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर रांदेर पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत दर्ज की। हालांकि, कोई आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका।

संवाददाता के अनुसार, मृतक युवक की पहचान विजय बोरकर के रूप में हुई। विजय बोरकर अपने बड़े भाई रवि के साथ 18 नवंबर को अपने दोस्त आकाश भोजवाला की बहन की शादी में गया था। वहीं, नाच-गाने के दौरान विजय और रवि का अन्य युवकों से झगड़ा हुआ। रवि ने पुलिस को बताया कि भोला नाम के शख्स ने विजय को जोर से धक्का मारा था। उसके बाद भोला के ही साथ आए नीलेश ने विजय के सीने में चाकू मार दिया। फिर, मुझ पर तलवार से हमला किया।
पुलिस ने बताया कि घटना 18 नवंबर रात को 11 बजे घटी थी। तब वे दोनों भाई डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। वहीं, विवाद हुआ और दोनों पर जानलेवा हमला हुआ। शादी का आयोजन एसएमसी आवास के पास ही था।












Click it and Unblock the Notifications