Diwali Bonus: हीरा कारोबारी ने दिया अनोखा गिफ्ट, सोलर पैनल से रोशन होंगे 1000 कर्मियों के घर
Gujarat - gifts solar panels as Diwali bonus: दिवाली के बोनस के रूप में सूरत की चर्चित डायमंड कंपनी श्री रामकृष्ण एक्सपोर्टर (SRK) ने अपने कर्मचारियों को बड़ा गिफ्ट दिया। SRK के मालिक गोविंदभाई ढोलकिया ने एक हजार कर्मचारियों को सोलर पैनल बांटे। सोलर पैनल से उनके घर लंबे समय तक रोशन हो सकेंगे। सोलर पैनल वितरित करते हुए गोविंदभाई ने कहा कि, कर्मचारियों को हम अपने परिवार का ही हिस्सा मानते हैं। जो कर्मचारी कुशल-मेहनती हैं, उन्हें हमने ऐसे ही सम्मानित किया है।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर बांटे सोलर पैनल
SRK ग्रुप के संस्थापक-अध्यक्ष गोविंद ढोलकिया ने 'सोलर पैनल' वितरण के बारे में बात करते हुए कहा कि, जैसा कि हम सब जानते हैं धरती पर ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रहा है। हम सब कुछ तो नहीं बदल सकते, लेकिन फिर भी कुछ जरूरी कदम उठा सकते हैं। हमने तय किया कि कर्मचारियों को 'सोलर पैनल' बांटेंगे, जिसे उनके घर की छतों पर स्थापित किया जाएगा। उनके घर रोशन होंगे।"
गोविंद ने कहा कि, इस दिवाली तोहफे के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी ध्यान में रखा गया है। बढ़ती ऊर्जा खपत को देखते हुए कर्मचारियों को सोलर रूफटॉप पैनल दिया गया है, जिसे अपनी छत पर लगाकर सालभर बिजली बचत कर सकते हैं।

पहले भी दिए थे ऐसे तोहफे
SRK ग्रुप के एक कर्मचारी ने बताया कि, इससे पहले SRK एक्सपोर्टर की समाज कल्याण शाखा ने एसआरके नॉलेज फाउंडेशन के जरिये अगस्त महीने में 750 शहीद सैनिकों और कोरोना वॉरियर्स को भी सोलर रूफटॉप गिफ्ट किया था। मालूम हो कि, SRK का हीरा तराशने और निर्यात करने के क्षेत्र में दुनियाभर में बड़ा नाम है।

SRK से 6 हजार से ज्यादा लोग जुड़े
इंटरनेट पर दी गई जानकारी के मुताबिक, SRK करीब 1.8 अरब डॉलर के बाजार पूंजीकरण वाली कंपनी है, जो वर्तमान में 6 हजार से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष तौर पर रोजगार दे रही है।












Click it and Unblock the Notifications