बेरोजगारी से तंग जुड़वां बेटियों के बाप ने लगाई फांसी, काम की तलाश में महाराष्ट्र से गुजरात शिफ्ट हुआ था
सूरत. बेरोजगारी से परेशान लोग आत्महत्या का रूख अख्तियार कर रहे हैं। गुजरात-महाराष्ट्र में इस तरह आत्महत्या किए जाने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां अब महाराष्ट्र मूल के एक शख्स ने सूरत में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान उधना श्री राम कुटीर निवासी 36 वर्षीय कृष्णा पुंडलिकभाई मराठे के रूप में हुई। पुंडलिकभाई ड्राइंग प्रिंटिंग मिल में काम करते थे।

पुंडलिकभाई की पत्नी ने बताया कि दिवाली के बाद से उन्हें काम नहीं मिल रहा था। उन्होंने दूसरी जगहों पर भी काम ढूंढा, लेकिन कहीं नहीं मिल रहा था। ऐसे में घर आर्थिक तंगी से जूझने लगा। घर में दो जुड़वां बेटियां और एक बेटे की परविश में दिक्कत होने लगी। जिससे पुंडलिकभाई तनाव में रहने लगे। आखिरकार, गुरुवार को अपने मकान में ही उन्होंने फांसी लगा ली। पुंडलिकभाई मूल रूप से महाराष्ट्र के थे।
कुछ साल पहले ही वे सूरत आये थे। यहां काम-धंधा अच्छा चल रहा था, इसलिए गुजरात में ही बस गए। हालांकि, इस दिवाली के बाद से ही आफत आ गई। मंदी के चलते राज्य में हजारों लोग बेरोजगार हुए हैं। इसी तरह घर में अकेले कमाने वाले पुंडलिकभाई की नौकरी भी चली गई। पुंडलिकभाई की पत्नी का कहना है कि जब वे बेरोजगार हुए तो मैं भी दूसरों के घरों में काम करने लगी।












Click it and Unblock the Notifications