दूसरे दलों के नेता सारी रेवड़ी स्विस बैंकों में ले जाते हैं, लेकिन हम जनता में बांटते हैं: केजरीवाल
सूरत/सोमनाथ। आम आदमी पार्टी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने गुजरात में अपने विरोधी दलों पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा कि, हम जरूरतमंद लोगों को बिजली-पानी मुफ्त देना चाहते हैं तो बड़े-बड़े दलों के नेताओं को तकलीफ हो रही है। हमारी जनहितैषी योजनाओं की रेवड़ी से तुलना की जा रही है और कह रहे हैं कि रेवड़ी कल्चर खत्म होना चाहिए।

बकौल केजरीवाल, ''मुझे पता है यह सब सुनकर सारे विपक्षी नेता टीवी चैनलों पर मुझे गालियां देंगे और कहेंगे कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ी बांट रहा है। अरे..मैं तो कह रहा हूं कि आप लोग सारी रेवड़ी अपने दोस्तों को बांट रहे हैं, सारी रेवड़ी स्विस बैंकों में ले जाते हैं। लेकिन हम वो जनता में बांटते हैं।'
अरविंद केजरीवाल ने यह बातें अपने गुजरात दौरे के दौरान वेरावल के सोमनाथ में कहीं। आज उनकी पार्टी ने गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में कुल 10 चेहरे हैं। वहीं, सूची जारी होने से पहले केजरीवाल ने जनता से कई वादे किए। केजरीवाल ने कहा, ''हम गुजरात में हर परिवार को 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे।'
उन्होंने कहा, '' मेरे पास कई लोग बिजली का बिल लेकर आए, जिसमें कई खामियां हैं। अगर हमारी सरकार आई तो 31 दिसंबर 2021 तक के ऐसे सारे बिजली बिलों को माफ करेंगे।
सियासत के जानकारों की मानें तो केजरीवाल का अब सौराष्ट्र पर फोकस रहेगा। जहां वह, एक साथ गुजरात की 50 सीटें साधने की तैयारी में हैं। इससे पहले सूरत नगर निगम चुनावों में आम आदमी पार्टी अपना झंडा गाड़ चुकी है। वहां सीटें जीतने के बाद से ही आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के हौंसले बुलंद हैं।












Click it and Unblock the Notifications