टिकट के लिए कांग्रेस नेत्री रीता ने खुद पर चलवाई थी गोली, PM को काला झंडा दिखाकर आई थी चर्चाओं में
सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस पार्टी का टिकट पाने और अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए 3 जनवरी को रीता यादव ने खुद पर गोली चलवाई थी। इस बात का खुलासा सुल्तानपुर पुलिस ने किया है। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों समेत कांग्रेस नेत्री रीता यादव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, घटना में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। आपको बता दें, रीता यादव (35) हाल ही में समाजवादी पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी में शामिल हुई थी।

पीएम मोदी को दिया था काला झंडा
रीता यादव 16 नवंबर को पीएम मोदी को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के दौरान काला झंडा दिखाकर चर्चाओं में आईं थी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार करके जेल भेजा था और दो दिनों बाद उनकी बेल हुई थी। घटना के एक महीना बाद तक वह सपा में रहीं, लेकिन सम्मान नहीं मिलने पर वो 17 दिसंबर को लखनऊ में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा से मिलीं और कांग्रेस ज्वॉइन की थी। 03 जनवरी, 2022 को रीता पुलिस में शिकायक की थी कि उनपर किसी ने जानलेवा हमला किया है।
#थाना_लम्भुआ पुलिस द्वारा षड़यंत्र रच कर खुद के ऊपर हमला करवाने वाली षड़यंत्री महिला अभियुक्ता सहित 03 अभियुक्तो को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार करने के सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी लम्भुआ की बाईट #UPPolice https://t.co/5gbuIYk3QQ pic.twitter.com/xS64H8Tb4S
— Sultanpur Police (@PROCell19) January 12, 2022
केस दर्ज कर पुलिस ने शुरू की थी जांच
इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। तो वहीं अब पुलिस ने इस मामले बड़ा खुलासा किया है। दरअसल, रीता यादव ने पुलिस को बताया था कि वो पोस्टर-बैनर बनवाने सुल्तानपुर गईं थी। उसी समय हाइवे पर लंभुआ के पास तीन लोगों ने ओवर टेक करके उनकी गाड़ी को रोका और गाली देते हुए रीता को गोली मार दी। गोली उनके पैर में लगी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौका-ए-वारदात से फरार हो गए। घायल अवस्था में रीता यादव को पहले सीएचसी लंभुआ में भर्ती कराया गया। लेकिन बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें सुलतानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
ये भी पढ़ें:- जयंत ने कांग्रेस को दिया झटका, हापुड़ से चार बार विधायक रहे गजराज सिंह ने थामा नल
चौंकाने वाले तथ्य आए पुलिस के सामने
इस घटना को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी/ एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने इसके शीघ्र खुलासे के लिए सीओ लंभुआ सतीश चंद्र शुक्ल को जिम्मेदारी सौंपी थी। सीओ लंभुआ ने बताया कि जांच पड़ताल के दौरान जो तथ्य सामने आए वो चौंकाने वाले थे। दरअसल, रीता यादव लंभुआ विधानसभा से कांग्रेस के सिम्बल पर चुनाव लड़ना चाहती थीं। अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ये घटना करवाई। तो वहीं, अब पुलिस ने धर्मेंद्र यादव, महिला रीता यादव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जेल भेज दिया।