India vs Pakistan फिर से? भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी बोलीं-'पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच, बेशर्मी है'
World championship of legends (WCL) 2025: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस भीषण हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। आतंकियों की इस कायराना हरकत ने भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में एक बार फिर तल्खी ला दी है। देश इस समय जहां शहीदों को न्याय दिलाने और पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर क्रिकेट लीग वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में भारत और पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ियों के बीच मुकाबले की खबर सामने आई है।
खेल बनाम संवेदनाएं: WCL में भारत-पाक की भिड़ंत
दरअसल भारत और पाकिस्तान के रिटायर्ड क्रिकेटर्स वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में एक-दूसरे के खिलाफ खेलने जा रहे हैं। जिसका मैच 20 जूलाई को होना है। इस टूर्नामेंट के को-ओनर बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन हैं और इसके फाउंडर हैं हर्षित तोमर। टूर्नामेंट का मकसद पूर्व खिलाड़ियों को फिर से मैदान पर लाना है, लेकिन यह कदम गलत समय पर लिया गया प्रतीत हो रहा है। भारत-पाकिस्तान के खिलाड़ियों के एक साथ मैच खेलने को लेकर शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने मोदी सरकार से लेकर BCCI तक पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

प्रियंका चतुर्वेदी का तीखा हमला: "क्या खेल शहीदों के दुख से बड़ा हो गया"
शिवसेना (यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने इस फैसले की तीखी आलोचना करते हुए इसे "नैतिक दिवालियापन" बताया। प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा,
''बिल्कुल बेशर्म! नमस्ते भारत सरकार, पाकिस्तान से बातचीत न करने का क्या हुआ? हमारे पास अभी पहलगाम के आतंकवादी नहीं हैं, लेकिन यहां एक भारतीय टीम है जो पाकिस्तान के साथ क्रिकेट मैच फिर से शुरू करने के लिए बेताब है। और कुछ नहीं तो कम से कम उन परिवारों के बारे में सोचो जिन्होंने आतंकी हमले में अपनों को खो दिया। हैलो BCCI एंड ICC- आप जो खून का बदला मांग रहे हैं, वह आपके नैतिक दिवालियापन को दिखाता है।''
क्या राष्ट्रीय सुरक्षा से बड़ा हो गया क्रिकेट?
इस पूरे विवाद ने एक अहम सवाल खड़ा कर दिया है -क्या खेल, राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनाओं से ऊपर हो सकता है? जहां एक ओर भारत ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के डिफेंस सिस्टम पर जवाबी कार्रवाई कर रहा है, वहीं दूसरी ओर इस तरह की क्रिकेट साझेदारी विरोधाभासी प्रतीत होती है।
सोशल मीडिया पर इसको लेकर लोगों में गुस्सा है। लोग इस खेल में भाग लेने वाले पूर्व क्रिकेटर और इसके ऑनर अजय देवगन को ट्रोल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि यह तय करना अब जनता और जिम्मेदार संगठनों पर है कि "रन" बनाए जाएं या "रुके" जाएं -जब सवाल देश की अस्मिता का हो।
पहलगाम हमला: लश्कर के प्रॉक्सी ग्रुप TRF का हाथ, धर्म पूछकर मारी गई गोली!
22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली थी। TRF, लश्कर-ए-तैयबा का प्रॉक्सी ग्रुप है और हाल ही में अमेरिका ने इसे विदेशी आतंकवादी संगठन (FTO) घोषित किया है। भारत लगातार पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आतंकवाद के मुद्दे पर घेरता रहा है, लेकिन ऐसे में क्रिकेट जैसे सौहार्द के खेल में साझेदारी कई लोगों को चौंका रही है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। कश्मीर घूमने गए पर्यटकों को आतंकियों ने निशाना बनाया था। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के कई आतंकी ठिकाने तबाह किए।
WCL 2025 Team: भारत और पाकिस्तान की टीमों में कौन-कौन?
भारत की टीम
- युवराज सिंह
- शिखर धवन
- हरभजन सिंह
- सुरेश रैना
- इरफान पठान
- यूसुफ पठान
- रॉबिन उथप्पा
- अंबाती रायुडू
- पीयूष चावला
- स्टुअर्ट बिन्नी
- वरुण आरोन
- विनय कुमार
- अभिमन्यु मिथुन
- सिद्धार्थ कौल
- गुरकीरत मान
पाकिस्तान की टीम
- मोहम्मद हफीज
- शोएब मलिक
- सरफराज अहमद
- शरजील खान
- वहाब रियाज
- आसिफ अली
- शाहिद अफरीदी
- कामरान अकमल
- आमेर यामीन
- सोहेल खान
- सोहेल तनवीर












Click it and Unblock the Notifications