Rohan Bopanna Retirement: टेनिस का 'बादशाह' रिटायर! 20 साल के सफर में रोहन बोपन्ना ने कितनी बनाई संपत्ति?
Rohan Bopanna Tennis Retirement: भारतीय टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने 20 साल के एक शानदार और ऐतिहासिक करियर को अलविदा कह दिया है। तीन ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले इस चैंपियन ने एक बेहद भावुक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए संन्यास की घोषणा की।
44 वर्षीय बोपन्ना ने अपनी पोस्ट में लिखा, '20 अविस्मरणीय वर्षों के बाद, अब समय आ गया है, मैं आधिकारिक तौर पर अपना रैकेट टांग रहा हूं। यह एक अलविदा है, पर अंत नहीं।' उन्होंने कुर्ग के कॉफी एस्टेट से लेकर दुनिया के सबसे बड़े कोर्ट तक के अपने सफर को याद किया और कहा कि टेनिस उनके लिए सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि उद्देश्य और शक्ति का स्रोत रहा है।

वर्ल्ड नंबर 1 बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
बोपन्ना की कहानी सिर्फ कोर्ट पर मिली सफलता की नहीं है, बल्कि कठिन परिश्रम से पैसा बनाने की भी है। वह भारतीय टेनिस के सबसे बड़े नामों में से एक हैं, जिन्होंने डबल्स में वैश्विक पहचान हासिल की। उन्होंने 43 साल की उम्र में ऑस्ट्रेलियन ओपन पुरुष डबल्स का खिताब जीता और वर्ल्ड नंबर 1 बनने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने। इसके अलावा, 2017 में फ्रेंच ओपन मिक्स्ड डबल्स का खिताब जीतकर भी उन्होंने अपनी पहचान मजबूत की।
एक साधारण शुरुआत से लेकर टॉप पर पहुंचने तक, बोपन्ना ने कोर्ट पर जो कुछ कमाया, वह किसी कल्पना से कम नहीं है। उनकी यह शानदार करियर यात्रा ही उन्हें करोड़ों की संपत्ति का मालिक बनाती है।
टेनिस कोर्ट के इस किंग की कुल नेटवर्थ
रोहन बोपन्ना ने अपने दो दशकों से अधिक लंबे और सफल करियर में सिर्फ ट्रॉफियां ही नहीं जीतीं, बल्कि एक बड़ी दौलत भी अर्जित की है। उनकी कुल अनुमानित संपत्ति (Net Worth) 5 मिलियन से 8 मिलियन के बीच है, जो भारतीय रुपये में लगभग ₹41 करोड़ से ₹66 करोड़ होती है।
बोपन्ना की संपत्ति का मुख्य सोर्स
इस संपत्ति का मुख्य सोर्स उनकी टूर्नामेंट जीत से मिली प्राइज मनी है, जो 7.4 मिलियन (लगभग ₹62 करोड़) से अधिक है। हालांकि, उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा एंडोर्समेंट डील और बिजनेस वेंचर्स से आता है।
- प्रमुख एंडोर्समेंट: बोपन्ना ने Asics, GoodDot और इंडियन ऑयल जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ साझेदारी की है।
- बिजनेस वेंचर्स: वह बेंगलुरु में एक रेस्टोरेंट के सह-मालिक होने के साथ-साथ अपने गृह नगर कुर्ग की कॉफी को लोकप्रिय बनाने के लिए 'द रोहन बोपन्ना मास्टर ब्लेंड' नामक कॉफी ब्रांड भी चला रहे हैं।
बोपन्ना की यह वित्तीय सफलता साबित करती है कि कोर्ट पर उनकी दृढ़ता ने ऑफ-कोर्ट भी उन्हें एक सफल ब्रांड बना दिया है।












Click it and Unblock the Notifications