इंग्लैंड पहुंचा एक और खिलाड़ी हुआ कोरोना पॉजिटिव, बड़े टूर्नामेंट से बाहर
कोरोना वायरस ने एक बार फिर से खेल की दुनिया में अपने पैर पसार लिए हैं।
नई दिल्ली: कोरोना वायरस ने एक बार फिर से खेल की दुनिया में अपने पैर पसार लिए हैं। एक के बाद एक कई खिलाड़ियों के कोविड-19 पॉजिटिव होने की खबरें सामने आ रही हैं। मौजूदा समय में खेल की दुनिया से जुड़े कोरोना के ज्यादा मामले इंग्लैंड से सामने आ रहे हैं। हालांकि, इंग्लैंड उन देशों में से एक है, जहां बूस्टर डोज लगभग सभी को लग चुकी है, लेकिन इसके बाद भी कोरोना के मामलों में गिरावट नहीं आ रही।

मारिन सिलिच को हुआ कोरोना
हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर पहुंची टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) कोविड-19 से संक्रमित पाए गए थे और अब एक और खिलाड़ी इसकी गिरफ्त में आ गया है। विंबलडन (Wimbledon) खेलने इंग्लैंड पहुंचे दिग्गज टेनिस खिलाड़ी मारिन सिलिच (Marin Cilic) भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। 2017 का विंबलडन का फाइनल खेल चुके मारिन ने सोमवार को खुद को कोरोना संक्रमित होने और टूर्नामेंट से बाहर होने की जानकारी फैंस को दी।
View this post on Instagram

सोशल मीडिया पर बयां किया दर्द
क्रोएशियाई टेनिस स्टार ने सोशल मीडिया पर लिखा- ''मुझे ये शेयर करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मुझे कोरोना हो गया है। मैंने खुद आइसोलेशन में रखा है। आशा है थी की मैं जल्द ठीक हो जाऊंगा, लेकिन दुर्भाग्यवश ऐसा नहीं हो सकता। क्योंकि मैं बेहतर महसूस नहीं कर पा रहा हूं। ऐसी हालत में मैं टूर्नामेंट में अपना बेस्ट नहीं दे सकता।''
मौजूदा समय में मारिन सिलिच बहुत ही शानदार फॉर्म में थे। हाल ही में समाप्त हुए फ्रेंच ओपन में उन्होंने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था। इसके अलावा इसी महीने ग्रास कोर्ट पर खेले गए ATP 500 के टॉप चार में जगह बनाई थी। मारिन को विंबलडन में 14वीं रैंक मिली थी।

जीत चुके हैं यूएस ओपन
जानकारी के लिए बता दें कि, 33 वर्षीय मारिन सिलिच यूएस ओपन जीत चुके हैं। यह खिताब उन्होंने साल 2014 में जापान के केई निशिकोरी को हराकर अपने नाम किया था। फाइनल में मारिन ने निशिकोरी को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 6-3, 6-3, 6-3 से हराया था। 2017 में वो विंबलडन फाइनल भी खेल चुके हैं। हालांकि, टूर्नामेंट के फाइनल में उनको रोजर फेडरर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। फेडरर ने मारिन को 6-3, 6-1, 6-4 से मात दी थी। बता दें कि, क्रोएशिया टेनिस स्टार की जगह अब पुर्तगाल के नुनो बोर्ग्स विंबलडन में खेलते हुए नजर आएंगे। बोर्ग्स मारिन को रिप्लेस करेंगे।

कई खिलाड़ी हुए पॉजिटिव
मारिन सिलिच और रोहित शर्मा के अलावा न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स भी न्यूजीलैंड के साथ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट के चौथे दिन कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उनको टेस्ट मैच बीच में छोड़कर खुद को आइसोलेट करना पड़ा। इसके अलावा इंग्लैंड दौरे पर दूसरे टेस्ट मैच से पहले कीवी कप्तान केन विलियमसन भी कोरोना की चपेट में आ गए थे। टॉम लाथम को भी कोरोना हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications