Bigg Boss 19 में दर्शकों को मिलेगा WWE का मजा! The Undertaker और Mike Tyson की एंट्री पर बड़ा अपडेट
WWE के दिग्गज द अंडरटेकर (The Undertaker) बिग बॉस 19 में एंट्री को लेकर सलमान खान (Salman Khan) से बातचीत कर रहे हैं। इस खबर ने शो और WWE फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है। बिग बॉस 19 का प्रीमियर 24 अगस्त को होने वाला है। प्रीमियर से पहले ही इस सीजन में शामिल होने वाले प्रतियोगियों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।
डिस्कॉर्ड पर WWE लीग सर्वर की रिपोर्ट्स के अनुसार, द अंडरटेकर को इस सीजन के अंत में संभवतः नवंबर के आसपास, बिग बॉस के घर में एक स्पेशल वाइल्डकार्ड एंट्री के लिए विचार किया जा रहा है। खास बात यह है कि उनके साथ माइक टायसन के भी घर में एंट्री करने की संभावना जताई जा रही है।

तीन दशकों तक रिंग पर किया राज
मार्क कैलावे के नाम से जन्मे द अंडरटेकर ने 1990 में WWE में डेब्यू किया था और तीन दशकों तक अपने खौफनाक 'डेडमैन' व्यक्तित्व के साथ रिंग पर राज किया। उन्होंने 2020 में आधिकारिक रूप से संन्यास लिया। उनके करियर की उपलब्धियों में रेसलमेनिया में 25-2 का रिकॉर्ड, सात वर्ल्ड चैंपियनशिप और शॉन माइकल्स, ट्रिपल एच और ब्रॉक लैसनर जैसे दिग्गजों के साथ यादगार राइवलरी शामिल हैं।
सलमान खान को हर वीकेंड मिलेंगे 8 से 10 करोड़ रुपये
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सीजन के लिए सलमान खान की कथित फीस लगभग 120-150 करोड़ रुपये है। एक्टर को हर वीकेंड 8 से 10 करोड़ रुपये मिलेंगे और वह कुल 15 हफ्तों तक शो की मेजबानी करेंगे। कई सूत्रों ने बताया है कि इस बार शो का बजट पिछले सीज़न की तुलना में ज़्यादा नहीं है।
इस सीजन के कन्फर्म कंटेस्टेंट्स में गौरव खन्ना, अशनूर कौर, आवेज दरबार, नगमा मिराजकर, बसीर अली, अभिषेक बजाज, हुनर हेल, शफ़क़ नाज, सिवेट तोमर और खनक वाघनानी शामिल हैं। इसके अलावा गेमिंग क्रिएटर पायल धारे और लेखक-अभिनेता जीशान कादरी भी प्रतियोगी के तौर पर नजर आएंगे।
कब और कहां देख सकते हैं बिग बॉस?
बिग बॉस 19 का प्रीमियर 24 अगस्त से जियो हॉटस्टार पर होगा। इस साल, नए एपिसोड पहले ओटीटी पर और करीब डेढ़ घंटे बाद कलर्स टीवी पर प्रसारित होंगे। बिग बॉस 19 रात 9 बजे JioHotstar पर स्ट्रीम होगा और रात 10:30 बजे कलर्स टीवी पर प्रसारित होगा।












Click it and Unblock the Notifications