Golden Spike: 'गोल्डन बॉय बना ग्लोबल हीरो', नीरज चोपड़ा ने फिर रचा इतिहास
Golden Spike, Neeraj Chopra: भारत के स्टार जैवलिन थ्रो खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया है। उन्होंने चेक गणराज्य के ओस्ट्रावा शहर में हुए गोल्डन स्पाइक 2025 प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीत लिया। यह जीत खास इसलिए भी है क्योंकि उन्होंने कुछ दिन पहले ही पेरिस डायमंड लीग में पहला स्थान हासिल किया था और अब उन्होंने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है।
नीरज चोपड़ा ने गोल्ड मेडल पर जमाया कब्जा (Golden Spike, Neeraj Chopra)
नीरज चोपड़ा का यह मुकाबला आसान नहीं था। उन्होंने प्रतियोगिता की शुरुआत फाउल थ्रो (गलत थ्रो) से की थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने जबरदस्त वापसी की। दूसरी कोशिश में 83.45 मीटर, फिर तीसरे थ्रो में 85.29 मीटर का शानदार थ्रो किया, जो इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी दूरी साबित हुई और उन्हें पहला स्थान दिलाया। बाद के तीन थ्रो में उन्होंने क्रमश: 82.17 मीटर, 81.01 मीटर और आखिरी में फिर से एक फाउल थ्रो किया, लेकिन उनका तीसरा थ्रो ही जीत के लिए काफी रहा।

आखिर क्या है गोल्डन स्पाइक?
गोल्डन स्पाइक एक बड़ा एथलेटिक्स इवेंट है जो विश्व एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर गोल्ड का हिस्सा है। यानी डायमंड लीग के बाद यह सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में से एक है। खास बात यह है कि इस इवेंट के डायरेक्टर खुद नीरज के कोच और भाला फेंक के दिग्गज खिलाड़ी जान ज़ेलेज़नी हैं। नीरज की इस जीत के बाद सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई।
नीरज को मिल रही बधाइयां
इस जीत के बाद फैंस नीरज को "Golden Boy" और "भारत का गौरव" कहकर सम्मान दे रहे हैं। नीरज ने साबित कर दिया है कि वह सिर्फ ओलंपिक चैंपियन नहीं, बल्कि लगातार प्रदर्शन करने वाले एक भरोसेमंद एथलीट भी हैं। नीरज चोपड़ा ने मुकाबले के बाद कहा कि मैं जानता हूं कि मुझसे और बेहतर हो सकता है। मेरा अगला लक्ष्य 90 मीटर की दूरी को पार करना है। नीरज के प्रदर्शन को देखते हुए लगता है कि वह आने वाले ओलंपिक के लिए पूरी तरह तैयार हैं।












Click it and Unblock the Notifications