चिर-प्रतिद्वंदी के खिलाफ बदले की आग लिए रिंग में बेल्ट बचाने उतरेंगे चैंपियन, इस दिन होगी टक्कर
कहते हैं कि बदला इंसान को कमजोर बना देता है लेकिन स्कॉटलैंड के धमाकेदार फाइटर निको कैरिलो के साथ इसका उल्टा ही हुआ है। पिछले साल उन्हें अंतरिम खिताबी मैच में नबील अनाने से शर्मनाक हार का सामना करते हुए करीब ढाई मिनट में मैच गंवाना पड़ा।
उन्होंने उस करारी हार से प्रेरणा लेकर एक भार वर्ग ऊपर जाकर शानदार तरीके से ONE फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप जीती और अब वह इसी खिताब को पुराने विरोधी के खिलाफ बचाव करते हुए नजर आएंगे। कैरिलो के मन में न सिर्फ पुराने हिसाब-किताब को बराबर करने का जोश होगा, इसके साथ ही वह बेल्ट को अपने पास ही रखना चाहेंगे।

18 दिसंबर के लिए तय की गई इन दोनों की टक्कर
फैंस की तरह ही यह दोनों स्टार्स इस मैच की उम्मीद लगाए बैठे थे और ONE Championship ने इस मैच पर आधिकारिक मोहर लगा दी है। इन दोनों की भिड़ंत ONE फेदरवेट मॉय थाई वर्ल्ड चैंपियनशिप मैच के लिए 18 दिसंबर को होने वाले The Inner Circle 43 में होगी।
जब जनवरी 2025 में दोनों आमने-सामने आए तो अनाने ने कैरिलो को एक ही राउंड में तीन बार गिराकर थ्री-नॉकडाउन नियम के तहत तकनीकी नॉकआउट से हरा दिया था। इस हार से कॉम्बैट स्पोर्ट्स जगत में खलबली मच गई थी क्योंकि कैरिलो इससे पहले लंबे समय से नहीं हारे थे।
क्या कहते हैं दोनों के आंकड़े?
निको कैरिलो की बात करें तो पिछला खिताबी मौका गंवाने के बाद वह लगातार चार विरोधियों को ढेर कर चुके हैं और करियर में 31-4 (जीत-हार) का बेहतरीन रिकॉर्ड रखते हैं। संगठन में उन्होंने अपनी 9 फाइटों में से 8 जीत और 7 को नॉकआउट से जीता है। 28 वर्षीय सुपरस्टार चाहेंगे कि वह अपने खिताब का कामयाबी के साथ बचाव कर बदला पूरा करें।
वहीं अनाने के लिए इनकी पिछली जंग जीतने के बाद से परिणाम मिला जुला रहा है। उन्हें इसी साल अपना ONE बेंटमवेट मॉय थाई बेल्ट गंवानी पड़ी और अब 42-7 का रिकॉर्ड रखने वाले स्ट्राइकर का प्रयास है कि वह दूसरे भार वर्ग में जाकर प्रतिद्वंदिता का स्कोर 2-0 करें।


Click it and Unblock the Notifications
