Malaysian Open: सेमीफाइनल में थमा PV Sindhu का सफर, वांग झियी ने तोड़ा खिताबी जीत का सपना!
Malaysian Open PV Sindhu: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु का मलेशिया ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट में शानदार सफर शनिवार को समाप्त हो गया। खिताबी मुकाबले की दहलीज पर खड़ी बैडमिंटन क्वीन सिंधु को सेमीफाइनल में चीन की दिग्गज खिलाड़ी वांग झियी के हाथों हार का सामना करना पड़ा। सिंधु को चीनी चुनौती ने सीधे सेटों में 21-16, 21-15 से मात देकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
शुरुआत में दिखा दम, फिर फिसली बाजी (Malaysian Open PV Sindhu)
मैच की शुरुआत में सिंधु काफी आत्मविश्वास के साथ उतरीं। उन्होंने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुए शानदार क्रॉस-कोर्ट स्मैश लगाए और देखते ही देखते 5-2 की बढ़त बना ली। हालांकि, वांग झियी ने जल्द ही अपने खेल में सुधार किया और स्कोर 9-7 तक ले आईं। ब्रेक तक आते-आते सिंधु ने नेट पर कुछ गलतियां कीं, जिसका फायदा उठाकर चीनी खिलाड़ी ने 11-10 की मामूली बढ़त बना ली।

फैंस को मिली मायूसी
ब्रेक के बाद मुकाबला बराबरी का रहा और स्कोर 13-13 पर था। लेकिन यहां से वांग ने अपने खेल की गति बढ़ाई। उन्होंने आक्रामक शॉट्स और बेहतरीन लिफ्ट्स का ऐसा मिश्रण पेश किया कि सिंधु के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया। वांग ने लगातार अंक बटोरते हुए पहला गेम 21-16 से अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में सिंधु ने शानदार वापसी की कोशिश की और एक समय 11-6 की ठोस बढ़त बना ली थी।
तीसरे गेम तक नहीं गया मुकाबला
भारतीय फैंस को उम्मीद थी कि मैच तीसरे गेम तक जाएगा। लेकिन ब्रेक के बाद वांग झियी ने फिर से अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने सिंधु को कोर्ट के कोनों पर दौड़ने के लिए मजबूर किया। सिंधु ने 13-9 तक बढ़त बनाए रखी थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार अनफोर्स्ड एरर्स किए। वांग ने इसका फायदा उठाकर स्कोर 13-13 से बराबर किया और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। अंत में बैकहैंड नेट एरर और बैकलाइन जजमेंट में हुई चूक के कारण सिंधु ने 21-15 से दूसरा गेम और मैच गंवा दिया।
भले ही सिंधु सेमीफाइनल हार गईं, लेकिन इस टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ रहा। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में सुंग शुओ-युन और फिर जापान की तमोका मियाज़ाकी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के चोटिल होकर हटने के बाद उन्हें वॉकओवर मिला था।












Click it and Unblock the Notifications