Sports Day 2025: नेशनल स्पोर्ट्स डे पर महाराष्ट्र सरकार का बड़ा कदम, आज 331 एथलीट्स को मिलेगा लाखों का इनाम
Sports Day 2025: 29 अगस्त यानि आज राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महाराष्ट्र सरकार अपने स्कूली शिक्षा और खेल विभाग के माध्यम से महालुंगे-बालेवाड़ी स्थित शिव छत्रपति खेल परिसर में 331 मेडल विजेता एथलीटों को सम्मानित करेगी। इस मौके पर राज्य के प्रतिभाशाली एथलीटों को वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग फैसिलिटी देने के उद्देश्य से 'मिशन लक्ष्यवेध' नामक हाई परफॉर्मेंस सेंटर का भी उद्घाटन किया जाएगा।
परिसर के भारोत्तोलन हॉल में शाम 4 बजे शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री और पुणे के संरक्षक मंत्री अजीत पवार, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, कृषि मंत्री दत्तात्रेय भराणे, खेल मंत्री माणिकराव कोकाटे, सांसद और विधायक, विभाग के सीनियर अधिकारी और खेल जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में लगभग 300 एथलीट, 100 कोच और 100 अधिकारी भाग लेंगे।

इस साल फरवरी में उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेलों में महाराष्ट्र ने शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें राज्य ने 55 गोल्ड, 70 सिल्वर और 76 ब्रॉन्ज सहित कुल 201 मेडल जीते और सभी प्रतिभागियों में पहला स्थान हासिल किया।
एथलीट्स को मिलने वाली पुरस्कार राशि इस प्रकार रहेगी:
- गोल्ड मेडल विजेता: ₹7 लाख
- सिल्वर मेडल विजेता: ₹5 लाख
- ब्रॉन्ज मेडल विजेता: ₹3 लाख
कोच और मेंटर को मिलेगा नकद पुरस्कार
इसके अलावा कोच और मेंटर को भी ₹50,000, ₹30,000 और ₹20,000 के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। सरकार इस कार्यक्रम के तहत कुल ₹28.70 करोड़ वितरित करेगी।
आदिति हेगड़े को मिलेगा 32 लाख का इनाम
सम्मानित होने वाले प्रमुख एथलीटों में ओलंपिक पदक विजेता स्वप्निल कुसाले, एशियाई पदक विजेता राही सरनोबत, ओलंपियन देवेंद्र वाल्मीकि और विश्व चैंपियन प्रियांका इंगले शामिल हैं। खासतौर पर आदिति हेगड़े, जिन्होंने प्रतियोगिताओं में रिकॉर्ड 8 पदक जीते, उन्हें कुल ₹32 लाख का इनाम मिलेगा।
खेल एवं युवा सेवा निदेशक सुधीर मोरे ने हिंदुस्तान टाइम्स को बताया कि, 'इस कार्यक्रम का सबसे खास हिस्सा 'मिशन लक्ष्यवेध' उच्च-प्रदर्शन केंद्र का उद्घाटन है। इस पहल के तहत महाराष्ट्र सरकार ने 12 चुनिंदा खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग और सुविधाएँ देने के लिए ₹160 करोड़ वार्षिक बजट मंजूर किया है। पहले चरण में एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती, भारोत्तोलन, नौकायन और लॉन टेनिस जैसे छह खेल शामिल होंगे, जिससे राज्य के एथलीटों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए आधुनिक सुविधाएं और कोचिंग मिल सके।'












Click it and Unblock the Notifications