लियोनेल मेसी ने इंटरनेशनल फुटबॉल से लिया संन्यास, हाल ही में हुआ था पिता का निधन, 21 साल लंबा रहा करियर
Lionel Messi: लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 2022 में अपनी टीम को विश्व कप जिताने वाले इस दिग्गज खिलाड़ी का अंतरराष्ट्रीय सफर अब समाप्त हो गया है। कुछ ही दिनों पहले मेसी ने अपने पिता को खोया था, इसके बाद से कयास लग रहे थे कि यह स्टार अपने बूट टांगने वाला है।
मेसी ने अर्जेंटीना के लिए 207 मुकाबले खेले और 125 गोल किए। उनके नाम कोपा अमेरिका खिताब भी हैं, जिससे उनका अंतरराष्ट्रीय करियर फुटबॉल इतिहास के सबसे शानदार पन्नों में शामिल हो गया।

मेसी ने राष्ट्रीय टीम को अलविदा कह दिया है लेकिन उनका क्लब स्तर का सफर अभी जारी रहेगा। वह इंटर मियामी के लिए खेलते नजर आएंगे। मेसी का यह फैसला अर्जेंटीना के प्रशंसकों के लिए एक युग के अंत जैसा है। फैंस चाहते थे कि उनका हीरो अभी और खेलता रहे।
लियोनेल मेसी ने छह वर्ल्ड कप टूर्नामेंट में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2006, 2010, 2014, 2018, 2022 और 2026 के वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया, जिससे वह छह अलग-अलग वर्ल्ड कप खेलने वाले चुनिंदा दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल हो गए। 2022 का टूर्नामेंट उनके करियर के लिए सबसे खास रहा, जब उन्होंने अर्जेंटीना को वर्ल्ड चैंपियन बनाया।
रिटायरमेंट के बारे में उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि मैंने अर्जेंटीना की जर्सी के लिए हमेशा अपना सब कुछ दिया। यह सिर्फ उन हाल के वर्षों की बात नहीं है, जब टीम ने बड़ी सफलताएं हासिल कीं, बल्कि उससे पहले भी वह हर मुकाबले में पूरी मेहनत और जुनून के साथ उतरे।
मेसी के अनुसार उनका हमेशा यही प्रयास रहा कि फुटबॉल के जरिए अर्जेंटीना के लोगों को खुशी मिले और उन्हें अपनी राष्ट्रीय टीम पर गर्व महसूस हो। उन्होंने यह भी लिखा कि ज्यादा समय नहीं है। अलग-अलग चीजों का अंत होता है लेकिन इससे मुझे दुःख हुआ है। मुझे अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनना पसंद है, पसंद था और हमेशा पसंद रहेगा। मैंने अपना सब कुछ दे दिया है और अब मेरे पास देने के लिए कुछ और नहीं बचा है।


Click it and Unblock the Notifications
