'8 मेडल नहीं, अब 100 की बारी,' जय शाह ने बताया 2036 ओलंपिक का विनिंग फॉर्मूला, गुजरात के लिए की ये भविष्यवाणी
Jay Shah on 2036 Olympics: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह (Jay Shah) ने भारत को खेल की दुनिया में महाशक्ति बनाने का एक बड़ा विजन पेश किया है। सूरत में 'रन फॉर गर्ल चाइल्ड हाफ मैराथन 2.0' को हरी झंडी दिखाने पहुंचे शाह ने न केवल भारतीय क्रिकेट की सफलताओं का जश्न मनाया, बल्कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी और उसमें भारत के ऐतिहासिक प्रदर्शन को लेकर बड़ा लक्ष्य भी सामने रखा।
जय शाह ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत खेल जगत के बड़े आयोजनों का केंद्र बन रहा है। उन्होंने 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) के भारत आने का स्वागत करते हुए देश को आगे बढ़ने का आह्वान किया।

'हमें कम से कम 100 मेडल जीतने होंगे'
जय शाह ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों को भारत लाए हैं, लेकिन हमें यहीं नहीं रुकना चाहिए। हमें 2036 ओलंपिक को भी भारत लाना होगा। हमने 2024 ओलंपिक में आठ पदक जीते थे, लेकिन मैं आप सभी से कहना चाहता हूं कि 2036 में आठ पदक काफी नहीं होंगे। हमें कम से कम 100 पदक जीतने होंगे। उन 100 पदकों में से हम कम से कम 10 पदक गुजरात से जीतेंगे। मुझे इस पर पूरा भरोसा है।'
क्रिकेट में 'दिल और ट्रॉफी' दोनों जीतने का सफर
जय शाह ने भारतीय क्रिकेट टीम के हालिया स्वर्णिम सफर पर भी चर्चा की। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे 2023 वर्ल्ड कप की हार के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की और बैक-टू-बैक आईसीसी ट्रॉफियां (T20 वर्ल्ड कप 2024 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025) अपने नाम कीं।
जय शाह ने कहा कि, '2023 वनडे वर्ल्ड कप में हमने दिल जीते लेकिन ट्रॉफी नहीं जीत सके। एक निजी कार्यक्रम में मैंने कहा था कि 2024 में हम दिल और कप दोनों जीतेंगे और हमने ऐसा किया, 2024 ICC पुरुष टी20 विश्व कप फाइनल जीता। हमने चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती।'
खिताब बचाने की तैयारी
चैंपियंस ट्रॉफी की ऐतिहासिक जीत के बाद अब टीम इंडिया की नजरें टी20 वर्ल्ड कप 2026 पर हैं, जिसकी मेजबानी भारत और श्रीलंका मिलकर कर रहे हैं। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में डिफेंडिंग चैंपियन भारत को ग्रुप A में नामीबिया, नीदरलैंड, पाकिस्तान और अमेरिका के साथ रखा गया है। 'मेन इन ब्लू' अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मैच से करेगी।












Click it and Unblock the Notifications