भारतीय MMA फाइटर ने धमाकेदार जीत के बाद रिंग में लगाए भारत माता के जयकारे
भारत माता की जय! भारत माता की जय! जब रेफरी ने नाज़ारेथ लालथाज़ुआला का हाथ उठाया तो उन्होंने कुछ इस अंदाज में अपनी यादगार जीत का जश्न मनाया। "द नॉर्थस्टार" के नाम से मशहूर फाइटर ने ONE Championship के इवेंट ONE Friday Fights 144 में फिलीपींस के जेक ब्रॉन को दूसरे राउंड में सबमिशन से हराकर संगठन में लगातार दूसरी जीत अपने नाम कर करियर रिकॉर्ड को 7-0 कर दिया है।
मिज़ोरम के इस फाइटर ने बैंकॉक के लुम्पिनी स्टेडियम एक बेहतरीन MMA फाइट का वादा किया था और उन्होंने कुछ वैसा ही प्रदर्शन किया। मगर उन्हें मैच के दौरान अच्छी-खासी चुनौती मिली।

उनके 19 वर्षीय विरोधी, जो कि ONE में अपना डेब्यू कर रहे थे, ने उन्हें रेसलिंग के जरिए कड़ी टक्कर दी और पांच मिनट के पहले राउंड में दो बार उठाकर मैट पर पटका भी। हालांकि, मौके मिलने पर लालथाज़ुआला अपने पंच और किक लगा रहे थे। लेकिन उन्होंने दूसरे राउंड में बाजी पलटते हुए हाथ और गर्दन को फंसाकर आर्म-ट्रायंगल चोक से सबमिशन जीत हासिल की।
डेब्यू मैच को मात्र 17 सेकंड में जीतकर किया था कारनामा
25 वर्षीय भारतीय फाइटर की प्रमोशन में यह लगातार दूसरी जीत रही। उन्होंने इससे पहले पिछले साल नवंबर महीने में अपने डेब्यू के दौरान जापानी फाइटर मासाकी सुज़ुकी को मात्र 17 सेकंड में पंचों की ताकत के दम पर ढेर कर दिया था।
लगातार जीत के बाद अब लालथाज़ुआला का करियर रिकॉर्ड 7-0 हो गया है। Dojang MMA टीम के प्रतिनिधि का लक्ष्य होगा कि वो ONE Friday Fights इवेंट सीरीज में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखें और 1,00,000 यूसए डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट जीतकर मेन रोस्टर में जगह प्राप्त करें और वर्ल्ड चैंपियन बनने की दिशा में अपने कदम बढ़ाएं।
इवेंट के बाद उन्होंने दुनिया के सबसे मशहूर मॉय थाई फाइटर रोडटंग जित्मुआंगनोन से भी मुलाकात की, जो अप्रैल महीने में खिताबी मैच में वापसी करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications