India vs England: 2-1 से आगे था भारत, फिर पलटा मैच, इंग्लैंड ने रखा 32 साल का दबदबा कायम
India vs England: भारतीय हॉकी टीम को वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे मुकाबले में निराशा हाथ लगी। इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए भारत को 4-2 से हरा दिया। एक समय भारतीय टीम मुकाबले में 2-1 से आगे थी और जीत की स्थिति में नजर आ रही थी लेकिन इसके बाद इंग्लैंड ने ऐसा दबाव बनाया कि भारत के हाथ से मैच निकल गया।
एम्सटेलवीन में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। पहले क्वार्टर में निक बंदुराक ने भारतीय गोलकीपर को छकाते हुए मैदानी गोल किया और अपनी टीम को आगे कर दिया। भारत को शुरुआती झटके के बाद वापसी करनी थी और टीम ने दूसरे क्वार्टर में इसका जवाब भी दे दिया।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार ड्रैग-फ्लिक लगाकर भारत को बराबरी दिलाई। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने बेहतरीन फील्ड गोल किया और भारतीय टीम ने बढ़त अपने नाम कर ली। दूसरे क्वार्टर के खत्म होने तक भारत 2-1 से आगे था। उस समय भारतीय खेमे में जीत की उम्मीद काफी मजबूत हो गई थी।
ब्रेक के बाद इंग्लैंड ने अपनी रणनीति बदल दी, इससे गेम में भी बदलाव देखने को मिला। भारतीय डिफेंस पर लगातार हमले होने लगे और इंग्लिश खिलाड़ियों ने भारतीय खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। तीसरे क्वार्टर में इंग्लैंड ने वापसी करते हुए स्कोर बराबर किया और इसके बाद मुकाबले पर उसकी पकड़ लगातार मजबूत होती चली गई।
आखिरी 15 मिनट में इंग्लैंड ने भारत पर पूरी तरह दबाव बना दिया। भारतीय टीम के लिए मुश्किल यह रही कि उसे मौके तो मिले लेकिन वह उन्हें गोल में बदल नहीं सकी। दूसरी तरफ इंग्लैंड ने मिले अवसरों का फायदा उठाया और दो और गोल दागकर स्कोर 4-2 कर दिया। अंतिम सीटी बजने तक भारत इस अंतर को कम नहीं कर सका।
इस हार के साथ भारत के लिए इंग्लैंड के खिलाफ वर्ल्ड कप में लंबे समय से चले आ रहे खराब रिकॉर्ड को बदलने का मौका भी हाथ से निकल गया। भारत ने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को आखिरी बार 1994 में हराया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच जब भी इस मेगा इवेंट में मुकाबला हुआ, भारत को जीत नहीं मिल सकी।


Click it and Unblock the Notifications
